ग्राम सभा में प्रस्तुत हुआ वित्त आयोग की राशि का ब्योरा, डीएम ने दी महिला कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी
कटिहार, 30 अगस्त (हि.स.)। जिले के हसनगंज प्रखंड की रामपुर ग्राम पंचायत में रविवार को 'पंचायत विकास दिवस' के अवसर पर विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया गया। मुखिया श्रीमती रानी देवी की अध्यक्षता में आयोजित इस सभा में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए ग्राम पंचायत विकास योजना के निर्माण, 15वें एवं षष्ठम राज्य वित्त आयोग के लेखा-जोखा और विकासात्मक योजनाओं के क्रियान्वयन की रूपरेखा तय की गई।
ग्राम सभा के दौरान ई-ग्राम स्वराज और ई-पंचायत पोर्टल पर प्राप्त 15वें वित्त आयोग व षष्ठम राज्य वित्त आयोग की अनुदान राशि, कुल व्यय तथा अवशेष राशि का संपूर्ण विवरण ग्रामीणों के समक्ष पारदर्शी तरीके से प्रस्तुत किया गया। इसके उपरांत, वित्तीय वर्ष 2026-27 की ग्राम पंचायत विकास योजना तैयार करने के क्रम में सतत विकास लक्ष्य के विषय-7 सामाजिक रूप से सुरक्षित एवं न्याय संगत पंचायत पर गहन विमर्श कर प्राथमिक योजनाओं का चयन किया गया। सभा में 'लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान' के तहत गांव में स्वच्छता बनाए रखने तथा सामुदायिक शौचालयों के नियमित उपयोग व रखरखाव पर भी सहमति बनी।
कार्यक्रम में उपस्थित जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने अपने संबोधन में महिलाओं के उत्थान हेतु राज्य सरकार द्वारा संचालित कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण इलाकों के सर्वांगीण विकास के लिए संकल्पित है, ताकि पंचायतें विकास की मुख्यधारा में अग्रणी भूमिका निभा सकें। इस दौरान ग्रामीणों ने प्रधानमंत्री के 'मन की बात' कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी देखा और उसमें व्यक्त विचारों को पंचायत स्तर पर लागू करने का संकल्प लिया।
बैठक में जीविका के प्रखंड परियोजना प्रबंधक ने आजीविका संवर्धन से जुड़ी योजनाओं तथा प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक ने हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर के माध्यम से मिलने वाली चिकित्सीय सुविधाओं की जानकारी साझा की।
इस अवसर पर विधान पार्षद श्री अशोक अग्रवाल, जिला पंचायत राज पदाधिकारी, प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे। कार्यक्रम का समापन प्रखंड विकास पदाधिकारी (हसनगंज) के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

