home page

महेशपुर पैक्स में सवा करोड़ के धान गबन का भंडाफोड़, पैक्स अध्यक्ष गिरफ्तार

 | 
महेशपुर पैक्स में सवा करोड़ के धान गबन का भंडाफोड़, पैक्स अध्यक्ष गिरफ्तार


कटिहार, 10 जून (हि.स.)। जिले की डंडखोरा थाना पुलिस ने महेशपुर पैक्स में 1.26 करोड़ रुपये से अधिक के धान गबन मामले का बड़ा खुलासा किया है। पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपी और पैक्स अध्यक्ष कुन्दन प्रसाद साह को गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई कटिहार पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष छापेमारी टीम (एसआईटी) द्वारा की गई है।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि डंडखोरा प्रखंड के महेशपुर पैक्स गोदाम में धान अधिप्राप्ति को लेकर गंभीर वित्तीय अनियमितता की शिकायत मिली थी। इसके बाद गठित संयुक्त जांच दल ने जब गोदाम का भौतिक सत्यापन किया, तो सरकारी अभिलेखों के अनुसार उपलब्ध होने वाला धान स्टॉक से गायब मिला। जांच में पाया गया कि खरीफ विपणन वर्ष 2022-23 में कुल 995.900 मीट्रिक टन धान की खरीद की गई थी। इसमें से केवल 383.832 मीट्रिक टन धान ही मिलर को आपूर्ति की गई, जबकि शेष 612.068 मीट्रिक टन धान का कोई हिसाब नहीं मिला।

जांच दल ने पाया कि इस धान को पैक्स अध्यक्ष और प्रबंधक द्वारा मिलीभगत कर गबन कर लिया गया है। गायब किए गए धान की कुल अनुमानित सरकारी कीमत 1,26,39,204 रुपये (एक करोड़ छब्बीस लाख उनचालीस हजार दो सौ चार रुपये) आंकी गई है। जिला पदाधिकारी, कटिहार के निर्देश और जांच प्रतिवेदन के आधार पर पैक्स अध्यक्ष कुन्दन प्रसाद साह और प्रबंधक आनन्दी साह के खिलाफ डंडखोरा थाना में कांड संख्या 105/23 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सदर-01 के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम (एसआईटी) का गठन किया गया था। इस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए डंडखोरा थाना क्षेत्र के टिकैली निवासी 50 वर्षीय पैक्स अध्यक्ष कुन्दन प्रसाद साह (पिता पृथ्वीचंद्र साह) को विधिवत गिरफ्तार कर लिया। पुलिस फिलहाल इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह