home page

पिकअप व ऑटो की भीषण टक्कर में चार की घटनास्थल पर मौत, चार घायल

 | 
पिकअप व ऑटो की भीषण टक्कर में चार की घटनास्थल पर मौत, चार घायल


बेतिया, 24 जून (हि.स.)। पूर्वी और पश्चिम चंपारण का बोर्डेर इलाका छपवा-बेतिया मुख्य मार्ग पर सगौली थाना क्षेत्र के नयका टोला गांव के समीप बुधवार को हुए भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ समय के लिए राजमार्ग पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।बताया गया है कि सवारियों से भरी एक टेंपो मोतिहारी से बेतिया की ओर जा रही थी। इसी दौरान नयका टोला गांव के समीप सामने से आ रही एक असंतुलित पिकअप वैन ने टेंपो को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन सड़क पर ही पलट गए। हादसे में टेंपो में सवार कई यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घायलों को वाहनों से बाहर निकाला और पुलिस को घटना की सूचना दी।

पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज अस्पताल, बेतिया रेफर कर दिया।

घायलों में केसरिया थाना क्षेत्र के बथना गांव निवासी बसीर खान के पुत्र चांद खान (32 वर्ष), बेतिया नया टोला निवासी अफरोज खान की पुत्री रिफत परवीन (20 वर्ष), शकील खान की पुत्री मन्नत परवीन (12 वर्ष) तथा तीन लालटेन चौक, बेतिया निवासी मैनेजर शर्मा के पुत्र शंकर कुमार शर्मा (35 वर्ष) शामिल हैं। वहीं हादसे में बेतिया के नया टोला इंदिरा चौक निवासी बच्चा खान की पुत्री आयशा खातून (22 वर्ष), शकील खान की पत्नी रुबीना खातून (25 वर्ष), शकील खान के पुत्र जायद खान तथा टेंपो चालक थाना क्षेत्र के छगराहा वृत्ता टोला निवासी शंकर राउत के पुत्र भैरो राउत (42 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद सड़क पर दोनों वाहनों के पलट जाने से राजमार्ग पर लंबा जाम लग गया।

पुलिस ने जेसीबी मशीन मंगवाकर क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका। पुलिस ने चारों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोतिहारी भेज दिया है।

थानाध्यक्ष अनीश कुमार सिंह ने बताया कि मृतकों एवं घायलों की पहचान कर उनके परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / अमानुल हक