तेज रफ्तार ई-रिक्शा पलटा, दो महिलाओं समेत पांच लोग गंभीर रूप से घायल
दरभंगा , 04 नवंबर (हि.स.)। एसएच-56 के कुशेश्वरस्थान-फुलतोड़ा मार्ग पर उसरी गांव के निकट तेज रफ्तार ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में दो महिलाओं समेत पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। ई-रिक्शा के नीचे दबे घायलों की चीख-पुकार सुनकर स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तत्परता दिखाते हुए सभी को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।
मिली जानकारी के अनुसार, कोला गांव निवासी मो. आसिफ, मो. आजाद और मो. नसीब ई-रिक्शा से कुशेश्वरस्थान की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उसरी गांव के पास सड़क किनारे मवेशियों के लिए चारा लेकर जा रही दो महिलाओं के समीप पहुंचते ही ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर पलट गया। इसकी चपेट में आने से ई-रिक्शा सवार तीनों युवक और दोनों महिलाएं नीचे दब गईं।
घायलों की पहचान भवन यादव की पत्नी रामदुलारी देवी, अमित यादव की पत्नी मीना देवी तथा मो. आसिफ, मो. आजाद और मो. नसीब के रूप में हुई है। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद सभी को ई-रिक्शा के नीचे से निकाला। इसके बाद दूसरे टेंपो से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, कुशेश्वरस्थान पहुंचाया गया, जहां सभी का इलाज चल रहा है।
हादसे ने एक बार फिर ग्रामीण सड़कों पर तेज रफ्तार वाहनों के परिचालन और सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। स्थानीय लोगों ने वाहन चालकों से सावधानीपूर्वक वाहन चलाने की अपील की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra

