home page

सारण में सहयोग पोर्टल पर 16 हजार आवेदनों में से 14922 का हुआ निष्पादन

 | 

सारण, 01 जुलाई (हि.स.)। जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव की अध्यक्षता में एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में सहयोग पोर्टल के माध्यम से प्राप्त आवेदनों के निष्पादन और प्रगति की समीक्षा की गई।

जिला सूचना जनसंपर्क पदाधिकारी रविंद्र कुमार ने बताया कि जिले में अब तक सहयोग पोर्टल पर कुल 16,105 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 14,922 का निष्पादन किया जा चुका है। वर्तमान में 754 आवेदन लंबित हैं, जबकि 429 आवेदनों को नियमानुसार अस्वीकृत किया गया है। जिला सूचना जनसंपर्क पदाधिकारी के अनुसार समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने स्वयं पोर्टल पर आवेदनों का विवरण देखा और उनके निष्पादन की बारीकी से जांच की।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि केवल आवेदनों का निपटारा कर देना ही काफी नहीं है, बल्कि निष्पादन का गुणवत्तापूर्ण और संतोषजनक होना भी बेहद जरूरी है। पोर्टल पर आवेदकों द्वारा दी जाने वाली रेटिंग एक से पांच की चर्चा करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि जिन मामलों में एक या दो रेटिंग मिली है, संबंधित जिला स्तरीय पदाधिकारी उन आवेदनों की व्यक्तिगत रूप से समीक्षा करें। वे कम संतुष्टि के कारणों का विश्लेषण कर आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाएं।

जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को नियमित रूप से पोर्टल पर लॉग-इन कर लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि आम जनता की समस्याओं का समयबद्ध, पारदर्शी और संतोषजनक समाधान ही प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। बैठक में अपर समाहर्ता सहित विभिन्न जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद थे, वहीं अनुमंडल पदाधिकारी, बीडीओ और सीओ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जुड़े रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार