माँ आनंदी संस्था ने लगाया राहत शिविर, बेघर हुए सैकड़ो पीड़ितों के बीच बांटी सामग्री
भागलपुर, 15 सितंबर (हि.स.)। जिले में बाढ़ की भीषण विभीषिका के कारण आम जनता की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। कई परिवार पूर्णतः बेघर हो चुके हैं और उनके सामने जीवन-यापन का एक बड़ा संकट खड़ा हो गया है। इस आपदा की घड़ी में बाढ़ प्रभावित लोगों की मदद के लिए सामाजिक संस्था 'मां आनंदी संस्था' आगे आई है।
संस्था ने अपनी सामाजिक जिम्मेदारियों का निर्वाह करते हुए सबौर स्टेशन चौक पर एक वृहत राहत सामग्री वितरण शिविर का आयोजन किया। इस मानवीय कार्य को सुचारू रूप से चलाने के लिए संस्था द्वारा सबौर के कुछ गणमान्य व्यक्तियों का सहयोग लिया गया। उनकी सहायता से क्षेत्र के वास्तविक रूप से ज़रूरतमंद और बेघर हो चुके सैकड़ो लोगों को चिन्हित किया गया।
शिविर में पहुंचे इन प्रभावित परिवारों को संस्था की ओर से यथा योग्य कपड़े, पैंट-शर्ट, साड़ी, सूखा राशन और पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया गया। राहत सामग्री वितरण के दौरान संस्था के पदाधिकारियों ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए।
उन्होंने कहा कि यदि प्रशासन और हमारे चुने हुए जनप्रतिनिधियों द्वारा बाढ़ आने से पहले ही बचाव के पुख्ता इंतजाम और स्थायी सुविधाएं मुहैया करा दी जातीं, तो आज आम नागरिकों को हर वर्ष अपना घर-बार छोड़कर सड़कों पर आने को मजबूर नहीं होना पड़ता।
संस्था ने कहा कि राहत सामग्री तो महज एक तात्कालिक सहायता है, जबकि इन विस्थापित परिवारों को स्थायी सुरक्षा और सम्मानजनक जीवन मिलना उनका असली अधिकार है।
इस विशेष मौके पर माँ आनंदी संस्था की संस्थापिका प्रिया सोनी के साथ-साथ वेटरेंट इंडिया के कई सम्मानित सदस्य एवं माँ आनंदी संस्था के दर्जनों कार्यकर्ताओं ने उपस्थित रहकर सक्रिय भागीदारी निभाई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

