home page

छात्रों की आड़ में विपक्ष फैला रहा अराजकता : संजय सरावगी

 | 
छात्रों की आड़ में विपक्ष फैला रहा अराजकता : संजय सरावगी


पटना, 23 जुलाई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी बिहार प्रदेश के अध्यक्ष संजय सरावगी ने गुरुवार को प्रदेश कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में कांग्रेस, राहुल गांधी और विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार नीट और पेपर लीक जैसे गंभीर विषयों पर संसद में विस्तृत चर्चा कराने के लिए पूरी तरह तैयार है, लेकिन राहुल गांधी और पूरा विपक्ष चर्चा से बचकर छात्रों के आंदोलन की आड़ में अराजकता फैलाने का प्रयास कर रहा है।

संजय सरावगी ने कहा कि यह समय राजनीति करने का नहीं, बल्कि छात्रों की समस्याओं के समाधान का है। सरकार संसद में जिस नियम के तहत और जितनी देर तक चर्चा करनी हो, उसके लिए पूरी तरह तैयार है। यदि विपक्ष के पास कोई ठोस सुझाव है तो उसे सदन में रखना चाहिए, लेकिन विपक्ष संसद का कामकाज बाधित कर देश का समय बर्बाद कर रहा है।

उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी की मंशा समाधान निकालने की नहीं, बल्कि भ्रम और अस्थिरता का माहौल बनाने की है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वयं छात्रों के भविष्य को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रहे हैं। प्रधानमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि पेपर लीक के सभी मामलों में दोषियों को शीघ्र कठोर सजा दिलाने और मामलों के त्वरित निस्तारण के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट का गठन किया जाएगा। संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश भी दिए जा चुके हैं।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में भी अनेक परीक्षाओं के प्रश्नपत्र लीक हुए थे, लेकिन मोदी सरकार ने परीक्षा प्रणाली को अधिक सुरक्षित और पारदर्शी बनाने के लिए कड़े कानून बनाए हैं। अनेक आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है और हाल के समय में तीन महत्वपूर्ण परीक्षाएं सफलतापूर्वक बिना किसी लीक के आयोजित की गई हैं।

उन्होंने दावा किया कि यूपीए सरकार के समय शिक्षा का बजट काफी कम था, जबकि आज यह बढ़कर 1.39 लाख करोड़ रुपये हो चुका है। एम्स, आईआईटी, मेडिकल कॉलेजों और उच्च शिक्षा संस्थानों की संख्या तथा सीटों में भी अभूतपूर्व वृद्धि हुई है, जिससे लाखों युवाओं को बेहतर अवसर मिल रहे हैं।

संजय सरावगी ने कहा कि विपक्ष की राजनीति अब विचारों और नीतियों की नहीं, बल्कि अफवाह, अविश्वास और अवसरवाद की राजनीति बन गई है। बुधवार को पटना में छात्र आंदोलन की आड़ में सुनियोजित तरीके से हिंसा, तोड़फोड़ और पुलिस तथा भाजपा कार्यकर्ताओं पर हमला किया गया। मोटे लट्ठों और पत्थरों के साथ पहुंचे लोग छात्र नहीं, बल्कि राजनीतिक संरक्षण प्राप्त असामाजिक तत्व थे। पुलिस के वाहनों को नुकसान पहुंचाया गया और भाजपा नेताओं के वाहनों पर भी हमला किया गया।

उन्होंने कहा कि पुलिस वीडियो फुटेज के आधार पर ऐसे लोगों की पहचान कर रही है और सभी दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने जोर देकर कहा कि बिहार और देश की जनता विपक्ष की इस अराजक राजनीति को कभी सफल नहीं होने देगी।

पत्रकार वार्ता में उच्च शिक्षा एवं विधि मंत्री संजय सिंह टाइगर, भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया सह प्रभारी संजय मयूख, प्रदेश मीडिया प्रभारी दानिश इकबाल तथा सह मीडिया प्रभारी प्रभात मालाकार भी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त