home page

सरस्वती शिशु मंदिर में नवनिर्मित तरण ताल और खेल उपकरणों का उद्घाटन

 | 
सरस्वती शिशु मंदिर में नवनिर्मित तरण ताल और खेल उपकरणों का उद्घाटन


भागलपुर, 28 नवंबर (हि.स.)। स्थानीय पूरणमल सावित्री देवी बाजोरिया सरस्वती शिशु मंदिर में शनिवार को नवनिर्मित तरण ताल, झूला एवं स्लाइडर आदि का भव्य उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ संगठन मंत्री ख्यालीराम, प्रदेश सचिव प्रदीप कुमार कुशवाहा, प्रधानाचार्य अमरेश कुमार, विभाग निरीक्षक सतीश कुमार सिंह तथा उपाध्यक्ष डॉ. मधुसूदन झा सहित अन्य गणमान्य अतिथियों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर एवं श्रीफल फोड़कर किया गया।

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए संगठन मंत्री ख्यालीराम ने कहा कि खेलकूद शिक्षा एवं शिक्षण का एक अभिन्न अंग है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि बच्चे खेल और मनोरंजन के माध्यम से भी सहजता से काफी कुछ सीखते हैं। वहीं, प्रदेश सचिव प्रदीप कुमार कुशवाहा ने अपने संबोधन में कहा कि वाटिका एवं शिशु खंड के नन्हे छात्रों के लिए तरण ताल, स्लाइडर और झूला आदि मनोरंजन का एक महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि इस प्रकार के आधुनिक खेल उपकरण बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास में अत्यंत लाभदायक सिद्ध होंगे।

इस अवसर पर भागलपुर विभाग के सभी प्रधानाचार्य, विद्यालय के समस्त आचार्य बंधु-भगिनी, मीडिया प्रभारी दीपक कुमार झा तथा मनोज तिवारी सहित कई अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर