home page

भागलपुर रेलवे स्टेशन पर खुलेआम फायरिंग और चाकूबाजी, मोबाइल छिनतई का विरोध करने पर अपराधियों ने मचाया तांडव

 | 
भागलपुर रेलवे स्टेशन पर खुलेआम फायरिंग और चाकूबाजी, मोबाइल छिनतई का विरोध करने पर अपराधियों ने मचाया तांडव


भागलपुर, 01 नवंबर (हि.स.)। भागलपुर रेलवे स्टेशन के गेट नंबर-6 के बाहर रविवार सुबह करीब 9:00 बजे बेखौफ अपराधियों ने जमकर तांडव मचाया। एक यात्री से मोबाइल छिनतई का विरोध करने पर अपराधियों ने खुलेआम फायरिंग की और तलवार और चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। इस हिंसक झड़प में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की पहचान मोजाहिदपुर थाना क्षेत्र के रहने वाले मो. मिराज और मोंटी के रूप में हुई है। मिराज के हाथ में गोली लगी है, जबकि मोंटी पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर उसे गंभीर रूप से जख्मी कर दिया गया है। घटना के संबंध में घायल मो. मिराज ने बताया कि रविवार सुबह वह अपने घर से निकलकर स्टेशन के पास पहुंचा था। इसी दौरान उसने एक बाइक पर तीन बदमाशों को तेजी से भागते देखा। पीछे से एक यात्री ने चिल्लाते हुए बताया कि वे लोग उसका मोबाइल छीनकर भाग रहे हैं। यात्री की मदद के लिए मिराज ने बदमाशों को आवाज देकर रोका और मोबाइल वापस करने को कहा। पूछने पर बाइक सवार बदमाश भड़क गए और पिस्टल निकालकर एक राउंड फायरिंग कर दी। हालांकि, उस वक्त मिराज ने यात्री को उसका मोबाइल वापस दिलवा दिया, जिसके बाद बदमाश देख लेने और गोली मारने की धमकी देते हुए वहां से चले गए। बदमाशों ने इस विरोध को अपनी बेइज्जती समझ लिया और करीब आधे घंटे बाद वे 5 से 7 अन्य लड़कों को हथियार के साथ लेकर दोबारा मौके पर पहुंच गए। अपराधियों ने आते ही गेट नंबर-6 के बाहर स्थित गली में अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद वे रेलवे परिसर की ओर बढ़े और टिकट काउंटर और पार्किंग क्षेत्र के आसपास भी गोलियां चलाईं। अचानक गोलीबारी और तलवार लहराते अपराधियों को देख स्टेशन पर मौजूद यात्रियों में भगदड़ मच गई। इस दौरान अपराधियों ने अली, आमिर और तारीक के साथ मिलकर दो राउंड फायरिंग की और मोंटी और मिराज पर चाकू और तलवार से जानलेवा हमला कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही रेल पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। जीआरपी थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर नसीम अहमद ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि प्लेटफॉर्म संख्या 6 के गेट के बाहर अपराधियों ने युवक पर चाकू से वार किया है और फायरिंग की घटना हुई है। घायल युवकों को तुरंत इलाज के लिए जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल (मायागंज) में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की सघन जांच कर रही है। घटना के संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और फरार अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने के लिए पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर