home page

नवादा ट्रेन की चपेट में आकर युवक की मौत

 | 
नवादा ट्रेन की चपेट में आकर युवक की मौत


नवादा,11 अप्रैल (हि.स.)। नवादा जिले में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है,जहां ट्रेन से कटकर एक युवक की मौत हो गई। घटना कियूल-गया रेलखंड पर स्थित नवादा स्टेशन के उत्तर, अतौआ गांव के समीप शनिवार को हुई। बताया जाता है कि एक युवक ट्रेन की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग घटनास्थल पर जुट गए और स्थानीय पुलिस को जानकारी दी गई।

मृतक की पहचान हिसुआ थाना क्षेत्र के फुलमा गांव निवासी स्वर्गीय कपिलदेव सिंह के 32 वर्षीय पुत्र मनीष कुमार के रूप में की गई है। घटना की खबर जैसे ही परिजनों तक पहुंची,घर में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

ग्रामीणों के अनुसार मनीष कुमार की शादी महज चार महीने पहले ही हुई थी। इस असमय हुई मौत ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया है। सबसे अधिक दयनीय स्थिति उनकी नवविवाहिता पत्नी की है, जिस पर मानो दुखों का पहाड़ टूट पड़ा हो। शादी के कुछ ही महीनों बाद पति को खो देने का दर्द असहनीय है, जिसे देखकर हर किसी की आंखें नम हो जा रही हैं।

घटना के कारणों का स्पष्ट रूप से पता नहीं चल सका है। यह हादसा था या आत्महत्या, इसे लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। हालांकि पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सुमन