वाहन की सीधी टक्कर में एक की मौत, दो गम्भीर रूप से घायल
नवादा, 04 जुलाई (हि.स.)। नवादा जिले के हिसुआ - नरहट मुख्य मार्ग पर मीनापुर गांव के पास शनिवार को हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, सीमेंट लदा एक ट्रैक्टर हिसुआ की ओर से आ रहा था। वहीं बाइक पर सवार तीन युवक पुनौल की तरफ से हिसुआ जा रहे थे। मीनापुर चौक के समीप दोनों वाहनों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार तीनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत तीनों घायलों को ई-रिक्शा से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, नरहट पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद दरगाही बिगहा गांव निवासी अमर पासवान को मृत घोषित कर दिया।
वहीं गंभीर रूप से घायल विशाल कुमार और रणवीर कुमार को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, नवादा रेफर कर दिया गया है।
सूचना मिलते ही नरहट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। आक्रोशित ग्रामीणों ने ट्रैक्टर चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। घटना की खबर मिलते ही इलाके में मातम छा गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सुमन

