home page

रामनवमीः शहर में निकलेगी दो शोभायात्रा, आकर्षक झाँकियाँ रहेंगी शामिल

 | 
रामनवमीः शहर में निकलेगी दो शोभायात्रा, आकर्षक झाँकियाँ रहेंगी शामिल


रामनवमीः शहर में निकलेगी दो शोभायात्रा, आकर्षक झाँकियाँ रहेंगी शामिल


रामनवमीः शहर में निकलेगी दो शोभायात्रा, आकर्षक झाँकियाँ रहेंगी शामिल


रामनवमीः शहर में निकलेगी दो शोभायात्रा, आकर्षक झाँकियाँ रहेंगी शामिल


सारण, 26 मार्च (हि.स.)। रामनवमी को लेकर शहर पूरी तरह राममय हो चुका है। इस वर्ष का आयोजन विशेष होने जा रहा है क्योंकि शहर में दो अलग-अलग समितियों द्वारा शोभायात्राएं निकाली जाएंगी।

समितियों से प्राप्त जानकारी के अनुसार इस बार लगभग पांच दर्जन से अधिक झांकियां शहरवासियों के आकर्षण का केंद्र बनेंगी।

श्री रामजन्मोत्सव शोभा यात्रा समिति न्यास एवं श्री रामनवमी शोभायात्रा समिति द्वारा आयोजित इस आयोजन को लेकर तैयारियां अब अंतिम चरण में हैं। कलाकारों की टोलियां दिन-रात जुटी हुई हैं ताकि झांकियों को जीवंत रूप दिया जा सके। स्थानीय युवाओं में इस बार खासा उत्साह देखा जा रहा है वे न केवल प्रबंधन में हाथ बंटा रहे हैं बल्कि शोभायात्रा के स्वागत के लिए भी विशेष योजनाएं बना रहे हैं।

इस वर्ष की शोभायात्रा में धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक और सांस्कृतिक संगम देखने को मिलेगा।झांकियों में सबसे प्रमुख आकर्षण भव्य विराट रामायण मंदिर की प्रतिकृति होगी। आधुनिक समय की मांग को देखते हुए अरावली पर्वतमाला पर आधारित एक विशेष झांकी तैयार की गई है, जो लोगों को पर्यावरण और जल संरक्षण के प्रति जागरूक करेगी।

श्रद्धालुओं को बद्रीनाथ मंदिर के दर्शन के साथ-साथ भगवान श्री राम के दिव्य दरबार की भव्यता देखने को मिलेगी। वहीं खाटू श्याम जी के बाल रूप को पालने में झूलते हुए देखना श्रद्धालुओं के लिए भावुक क्षण होगा।

आयोजन की विशालता को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस बल पूरी तरह सतर्क है। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए शहर के प्रमुख चौराहों और शोभायात्रा के मार्ग पर व्यापक सुरक्षा घेरा तैयार किया गया है। जगह-जगह सीसीटीवी कैमरों और पुलिस बल की तैनाती की गई है ताकि श्रद्धालु बिना किसी असुविधा के दर्शन कर सकें।

समिति के सदस्यों ने बताया कि इन झांकियों के माध्यम से रामायण के विभिन्न प्रसंगों को जीवंत किया जाएगा, जिससे नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत और साहित्य से रूबरू होने का अवसर मिलेगा। समिति ने समस्त शहरवासियों से अपील की है कि वे सपरिवार इस उत्सव में शामिल होकर भक्ति और उत्साह के इस पर्व को सफल बनाएं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार