वृद्ध को बाइक ने मारी टक्कर, इलाज के दौरान मौत
सीवान, 10 मई (हि.स.)। जिले के दरौंदा थाना क्षेत्र अंतर्गत छपरा-सीवान मुख्य मार्ग एनएच-531 पर शनिवार की देर रात सड़क दुर्घटना में एक वृद्ध की मौत हो गई। मृतक की पहचान थाना क्षेत्र के सिरसांव मठिया गांव निवासी सुंद्रिका साह (70 वर्ष) के रूप में हुई है।
बताया जाता है कि सुंद्रिका साह शनिवार की देर रात अपनी दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान दरौंदा मछली बाजार के समीप सड़क पार करने के क्रम में छपरा से सीवान की ओर तेज रफ्तार से जा रही एक मोटरसाइकिल ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल वृद्ध को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दरौंदा में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें सीवान सदर अस्पताल रेफर कर दिया। वहां भी हालत नाजुक बनी रहने पर रविवार की सुबह डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच पटना रेफर कर दिया। परिजन उन्हें पटना ले जा रहे थे, तभी दरौंदा के समीप रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
इधर घटना की सूचना मिलने के बाद दरौंदा थाना अध्यक्ष विकास कुमार सिंह ने पुलिस टीम के साथ आवश्यक कार्रवाई की। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए सीवान सदर अस्पताल भेज दिया है। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

