home page

रेल महिला कल्याण संगठन ने वृद्धा आश्रम में बाँटी खुशियाँ

 | 
रेल महिला कल्याण संगठन ने वृद्धा आश्रम में बाँटी खुशियाँ


कटिहार, 01 जून (हि.स.)। समाजसेवा और मानवता की मिसाल पेश करते हुए एन.एफ. रेलवे महिला वेलफेयर संगठन, कटिहार शाखा ने सोमवार को प्राणपुर प्रखंड स्थित बस्तोल आनंद मार्ग वृद्धाश्रम पहुंचकर वहां रह रहे बुजुर्गों के साथ समय बिताया। संगठन की अध्यक्षा निवेदिता नरह के नेतृत्व में पहुंची टीम ने बुजुर्गों की आवश्यकताओं और सुख-सुविधाओं का जायजा लिया।

इस अवसर पर रेल महिला संगठन की टीम ने वृद्धाश्रम में रह रहे सभी 16 बुजुर्गों से आत्मीय मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। संगठन की ओर से उन्हें राशन, फल, साबुन सहित दैनिक उपयोग की अन्य आवश्यक सामग्रियां भेंट की गईं। संगठन की इस पहल से बुजुर्गों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी।

वहाँ उपस्थित लोगों ने महिला संगठन की अध्यक्षा निवेदिता नरह की इस संवेदनशील एवं मानवीय पहल की सराहना की। इस दौरान निवेदिता नरह ने कहा कि समाज के वरिष्ठ नागरिक हमारे अनुभव और संस्कारों की अमूल्य धरोहर हैं। उनके सम्मान और देखभाल की जिम्मेदारी हम सभी की है। गौरतलब है कि रेल महिला समिति की अध्यक्षा क्षेत्र में काफी सक्रिय हैं, जिनके कुशल मार्गदर्शन में आए दिन रेलमंडल में अलग-अलग सामाजिक कार्यक्रम आयोजित होते रहते हैं।

इस मौके पर संगठन की सचिव मंजरी पाल, कोषाध्यक्ष शिल्पी मंडल, संयुक्त सचिव सुधा कुमारी, मधु मालती, मोनालिसा चुतिया, आभा सिंह, मालती जाटव, ज्योति झा एवं प्रियंका कुमारी सहित वृद्धाश्रम के अध्यक्ष, सचिव और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह