home page

न्यायालयकर्मियों को दिया गया अग्निशमन का व्यवहारिक प्रशिक्षण

 | 
न्यायालयकर्मियों को दिया गया अग्निशमन का व्यवहारिक प्रशिक्षण


बक्सर, 18 जुलाई (हि.स.)। व्यवहार न्यायालय, बक्सर परिसर में शनिवार को जिला अग्निशमन विभाग द्वारा न्यायालयकर्मियों को अग्निशमन एवं अग्नि सुरक्षा संबंधी व्यवहारिक प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण के दौरान कर्मियों को आग लगने की स्थिति में त्वरित बचाव, प्रारंभिक नियंत्रण के उपाय तथा अग्निशामक यंत्रों के सुरक्षित एवं प्रभावी उपयोग का व्यावहारिक प्रदर्शन किया गया।

प्रशिक्षण में विभिन्न प्रकार की आग पर नियंत्रण की तकनीकों का प्रदर्शन करते हुए आपातकालीन परिस्थितियों में अपनाई जाने वाली सावधानियों की भी विस्तार से जानकारी दी गई। अग्निशमन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि समय पर सही निर्णय और अग्निशामक यंत्रों के समुचित प्रयोग से बड़ी दुर्घटनाओं को टाला जा सकता है।

प्रभारी प्रशासन, व्यवहार न्यायालय, बक्सर राजीव कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि न्यायालय परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा न्यायिक कर्मचारियों को किसी भी आपदा की स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए प्रशिक्षित करने के उद्देश्य से इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर अनुमंडल अग्निशमन अधिकारी सुनंदा कुमारी, विजय कुमार सिंह तथा न्यायिक कर्मचारियों में नायब नाजिर दीपक कुमार गुप्ता, राजेश कुमार राय, धनंजय तिवारी, जितेंद्र कुमार, अविनाश कुमार, राजेश कुमार, आशीष कुमार, अमिताभ कुमार श्रीवास्तव, धर्मेंद्र कुमार एवं ननंजय कुमार सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Mishra