home page

पोषण माह को लेकर आंगनबाड़ी केंद्रों पर उत्साह, बांटी गई माहवारी स्वच्छता प्रबंधन किट

 | 
पोषण माह को लेकर आंगनबाड़ी केंद्रों पर उत्साह, बांटी गई माहवारी स्वच्छता प्रबंधन किट


अररिया 16 सितम्बर(हि.स.)। राष्ट्रीय पोषण माह के अंतर्गत जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर बुधवार को जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान केंद्रों पर गर्म पका भोजन वितरण, भोजन की गुणवत्ता की जांच, हाथ धोने की विधि और स्वच्छता के साथ भोजन परोसने जैसी गतिविधियां आयोजित की गईं।

कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए जिला प्रोग्राम पदाधिकारी कविता कुमारी एवं बाल विकास परियोजना पदाधिकारी श्वेता कुमारी ने नरपतगंज परियोजना के अंतर्गत केंद्र संख्या 339 और केंद्र संख्या 163 का औचक निरीक्षण किया। अधिकारियों ने वहां मौजूद लोगों को पोषण शपथ दिलाई। इसके साथ ही केंद्रों पर गोदभराई और अन्नप्राशन जैसे पारंपरिक व पवित्र रस्मों को भी कराया गया।

किशोरियों के बीच व्यक्तिगत साफ-सफाई को बढ़ावा देने के लिए माहवारी स्वच्छता प्रबंधन किट और बच्चो के बीच पैंसिल बॉक्स और बॉल का भी वितरण किया गया। नरपतगंज की सभी महिला पर्यवेक्षिकाओं ने इस मौके पर पोषण थाली का प्रदर्शन किया। इसके माध्यम से ग्रामीणों को भोजन में विविधता शामिल करने की जानकारी दी गई। केंद्र परिसरों में पोषण से संबंधित रंगोलियां बनाई गईं, जो लोगों के बीच आकर्षण और जागरूकता का मुख्य केंद्र रहीं।

जागरूकता अभियान और कार्यक्रम को सफल बनाने में जिला समन्वयक कुणाल श्रीवास्तव, जिला मिशन समन्वयक सोहेब रूमी और प्रखंड समन्वयक दीपक कुमार सहित सभी संबंधित केंद्रों की सेविका एवं सहायिका तथा कई गणमान्य लोगों और स्वास्थ्य कर्मियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर