जेल से बाहर निकले विक्की यादव सड़क हादसे में घायल,पास से लोडेड पिस्टल बरामद
अररिया 19 नवम्बर(हि.स.)। कई संगीन मामलों के आरोपित विक्की यादव बीती देर रात सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हाे गये। उनके शरीर में हाथ में फ्रेक्चर सहित सर में बड़ी गंभीर चोटें आई है।आनन फानन में देर रात उन्हें इलाज के लिए फारबिसगंज अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया,जहां प्राथमिक इलाज के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए रेफर कर दिया गया।जिसके बाद उन्हें रात को ही नेपाल के विराटनगर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है,जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
घायल अवस्था में अस्पताल ले जाने के क्रम में उनके बगल से एक लोडेड पिस्टल भी बरामद किया गया है, जिसे फारबिसगंज थाना पुलिस ने जब्त कर लिया है।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार,विक्की यादव एक पुराने मामले में वारंटी भी था और हाल ही में कई संगीन मामलों में जेल में रहने के बाद जमानत पर रिहा हुए थे।
विक्की यादव फारबिसगंज धत्ता टोला के रहने वाले सुंदर यादव के पुत्र हैं।हथियार बरामदगी मामले को लेकर फारबिसगंज थाना में उनके खिलाफ एक नया कांड दर्ज किए जाने की बात थानाध्यक्ष ने कही।पुलिस ने हादसे का शिकार मोटरसाइकिल को भी जब्त किया है।बहरहाल विक्की यादव नेपाल के एक निजी अस्पताल में इलाजरत है।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

