शिक्षकेत्तर कर्मचारियों ने 15 सूत्री मांगों को लेकर जयप्रकाश विश्वविद्यालय में दिया धरना
सारण, 20 मई (हि.स.)। बिहार राज्य विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालय कर्मचारी महासंघ के प्रांतीय आह्वान पर जयप्रकाश विश्वविद्यालय प्रक्षेत्र में कर्मचारियों ने अपनी 15 सूत्री लंबित मांगों को लेकर विवि मुख्यालय में धरना-प्रदर्शन किया।
इस आंदोलन में विश्वविद्यालय मुख्यालय के साथ-साथ प्रक्षेत्र के सभी अंगीभूत एवं अल्पसंख्यक महाविद्यालयों के शिक्षकेत्तर कर्मचारियों ने अपनी एकजुटता का परिचय दिया।
आंदोलन की शुरुआत सुबह विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार से हुई। यहाँ से प्रशासनिक भवन तक कर्मचारियों ने हाथों में बैनर और तख्तियां लेकर पैदल मार्च निकाला। इस दौरान पूरा विश्वविद्यालय परिसर कर्मचारी एकता जिंदाबाद, हमारा हक हमें दो और प्रोन्नति हमारा अधिकार है जैसे नारों से गूंज उठा। इसके बाद प्रशासनिक भवन के मुख्य गेट पर एक विशाल धरना सभा का आयोजन किया गया।
धरना सभा को संबोधित करते हुए प्रक्षेत्रीय सचिव अभिषेक कुमार ने विवि प्रशासन के रवैए पर गहरा असंतोष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की जायज समस्याओं की लगातार अनदेखी की जा रही है। उन्होंने मुख्य मांगों को रेखांकित करते हुए अविलंब वरीयता सूची का निर्माण करने, वर्षों से लंबित सामूहिक प्रोन्नति की प्रक्रिया शुरू करने, वर्ष 2009 एवं उससे पूर्व प्रोन्नत कर्मियों को वेतन भुगतान करने, दैनिक वेतनभोगी व आउटसोर्सिंग कर्मियों का नियमितीकरण करने और रिक्त पदों पर नई नियुक्तियां करने की मांग की। कुमार ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया, तो आंदोलन और उग्र होगा।
पटना से पहुंचे महासंघ के संयुक्त मंत्री इंद्र कुमार दास ने कहा कि प्रशासन कर्मचारियों के धैर्य की परीक्षा न ले, वरना इस लड़ाई को राज्यव्यापी स्तर पर ले जाया जाएगा। वहीं अविनाश सिंह और विवेक कुमार सिंह ने आपसी एकता को आंदोलन की सबसे बड़ी ताकत बताया। अमित कुमार, राय रणविजय देव और डॉ. प्रमेन्द्र रंजन सिंह ने भी मांगों का पुरजोर समर्थन करते हुए कहा कि कर्मचारियों की उपेक्षा अनुचित है।
सभा की अध्यक्षता करते हुए प्रक्षेत्रीय अध्यक्ष हरिहर मोहन ने कहा कि कर्मचारी अब आर-पार की निर्णायक लड़ाई के लिए तैयार हैं। शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुए इस आंदोलन को व्यापक समर्थन मिला।
जय प्रकाश विश्वविद्यालय शिक्षक संघ के अध्यक्ष प्रो. रविंद्र सिंह, सचिव प्रो. अच्युतानंद सिंह और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के पदाधिकारी आशुतोष कुमार ने भी उपस्थित होकर अपना समर्थन दिया।
इस अवसर पर उपाध्यक्ष अविनाश सिंह, प्रक्षेत्रीय संघ की उपाध्यक्ष डॉ. मनीषा, जेपी विवि कर्मचारी संघ के सचिव बिपिन कुमार, पंकज कुमार सिंह, अनिल कुमार सिंह और विवि कर्मचारी विशाल सिंह राठौर सहित विभिन्न कॉलेजों के सैकड़ों कर्मचारी उपस्थित थे।
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

