home page

वेतन नहीं मिलने से एमबीए विभाग के कर्मचारी बेहाल

 | 
वेतन नहीं मिलने से एमबीए विभाग के कर्मचारी बेहाल


भागलपुर, 12 जून (हि.स.)। तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय के एमबीए विभाग में कार्यरत टीचिंग और नॉन-टीचिंग स्टाफ पिछले 10 महीनों से मानदेय नहीं मिलने के कारण गंभीर आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं।

कर्मचारियों का कहना है कि नियमित आय बंद होने से परिवार चलाना मुश्किल हो गया है और बच्चों की पढ़ाई तक प्रभावित हो रही है। विभाग के फैकल्टी सदस्य डॉ. पंकज कुमार, डॉ. हारिश कुमार, ब्यूटी कुमारी, डॉ. काजी कमरान तथा कर्मचारी डॉ. आशीष कुमार और पंकज चौधरी ने बताया कि कई बार मानदेय भुगतान की मांग उठाने के बावजूद अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला है। उनका कहना है कि वे भुखमरी जैसी स्थिति का सामना कर रहे हैं और परिवार आर्थिक तंगी से गुजर रहा है।

कर्मचारियों के अनुसार, जब वे अपनी समस्या लेकर विभागीय निदेशक के पास जाते हैं तो उन्हें विश्वविद्यालय प्रशासन से संपर्क करने की सलाह दी जाती है। वहीं विश्वविद्यालय प्रशासन ने मामले में सकारात्मक पहल का आश्वासन दिया है। बताया जा रहा है कि एमबीए विभाग की आय-व्यय, मानदेय भुगतान और सेवा अवधि विस्तार को लेकर गठित जांच समिति ने फरवरी में ही अपनी रिपोर्ट प्रभारी कुलपति को सौंप दी थी।

इसके बाद भुगतान और सेवा विस्तार की प्रक्रिया आगे बढ़ाने के लिए आवश्यक दस्तावेज भेजे जाने को लेकर विवाद की स्थिति बनी रही। हालांकि विभाग की निदेशक प्रो. निर्मला कुमारी ने स्पष्ट किया कि मानदेय भुगतान और परफॉर्मेंस रिपोर्ट सहित सभी आवश्यक फाइलें काफी पहले विश्वविद्यालय को भेजी जा चुकी हैं और कर्मियों के भुगतान तथा सेवा अवधि विस्तार के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर