home page

छात्रों का नामांकन नहीं होने से अभिभावकों में आक्रोश

 | 
छात्रों का नामांकन नहीं होने से अभिभावकों में आक्रोश


भागलपुर, 20 मई (हि.स.)। जिले के इंटर स्तरीय पंचानन झा उच्च विद्यालय बैजानी में नामांकन को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है। अपने बच्चों का नामांकन नहीं होने से नाराज अभिभावकों ने बुधवार को स्कूल पहुंचकर विरोध जताया।

अभिभावकों का कहना है कि उनके बच्चे पहले से इसी स्कूल में पढ़ाई कर रहे थे। इसके बावजूद इस बार नामांकन नहीं लिया जा रहा है। स्कूल पहुंचे अभिभावकों ने बताया कि अचानक बदले नियमों की वजह से कई छात्र-छात्राओं का नामांकन अटक गया है। इससे बच्चों के भविष्य को लेकर परिवार चिंतित हैं। अभिभावकों ने स्कूल प्रशासन से सीट बढ़ाने और सभी योग्य बच्चों का नामांकन लेने की मांग की।

विद्यालय के प्रधानाध्यापक मनीष कुमार सिंह ने बताया कि इस वर्ष से स्कूल को मॉडल स्कूल का दर्जा मिला है। नवमी कक्षा में केवल 180 सीट निर्धारित है और शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार मेधा क्रमांक के आधार पर ही नामांकन किया जा रहा है। प्रधानाध्यापक ने कहा कि निर्धारित सीट से अधिक नामांकन लेना संभव नहीं है और नियम के विरुद्ध कोई काम नहीं किया जा सकता। हालांकि अभिभावकों की मांग को उच्च अधिकारियों तक पहुंचाने की बात कही गई है। फिलहाल नामांकन को लेकर अभिभावकों में नाराजगी बनी हुई है और लोग शिक्षा विभाग से समाधान निकालने की मांग कर रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर