home page

बिहार कृषि विश्वविद्यालय सबौर में नो व्हीकल डे

 | 
बिहार कृषि विश्वविद्यालय सबौर में नो व्हीकल डे


भागलपुर, 16 मई (हि.स.)। भारत सरकार एवं प्रधानमंत्री के आह्वान के अनुपालन में बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर में शनिवार को नो व्हीकल डे मनाया गया। विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा जारी आदेश के आलोक में आज विश्वविद्यालय के कुलपति, सभी अधिष्ठाता और निदेशक सहित अन्य पदाधिकारी, सभी शिक्षक एवं कर्मचारी साइकिल अथवा पैदल चलकर अपने-अपने कार्यालय पहुंचे।

इस अवसर पर कुलपति ने कहा कि साइकिल चलाना एवं पैदल चलना न केवल हमारे व्यक्तिगत स्वास्थ्य के लिए लाभकारी है, बल्कि यह देश के आर्थिक स्वास्थ्य एवं पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में डीजल एवं पेट्रोल जैसे ईंधनों की बढ़ती खपत और सीमित उपलब्धता को देखते हुए ईंधन संरक्षण अत्यंत आवश्यक हो गया है। यदि हम छोटी-छोटी दूरियों के लिए वाहनों के बजाय साइकिल अथवा पैदल चलने की आदत अपनाएं, तो इससे ईंधन की बचत के साथ-साथ प्रदूषण में भी कमी लाई जा सकती है।

उन्होंने आगे कहा कि बिहार कृषि विश्वविद्यालय में नो व्हीकल डे मनाने का उद्देश्य लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने तथा प्रधानमंत्री एवं बिहार के मुख्यमंत्री के आह्वान को दैनिक जीवन में आत्मसात करने के लिए प्रेरित करना है।

कुलपति ने विश्वविद्यालय परिवार से अपील करते हुए कहा कि सभी लोग नियमित रूप से साइकिल अथवा पैदल चलने की आदत अपनाएं, जिससे स्वच्छ, हरित एवं स्वस्थ वातावरण के निर्माण में योगदान दिया जा सके। विश्वविद्यालय परिसर में आज का यह आयोजन पर्यावरण संरक्षण, ईंधन संरक्षण एवं स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता का संदेश देने वाला रहा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर