home page

रसोई गैस की कोई किल्लत नहीं, युद्ध की अफवाहों पर ध्यान न दें: डीएसओ

 | 

कटिहार, 06 जुलाई (हि.स.)। पश्चिम एशिया में चल रहे युद्ध के कारण सोशल मीडिया पर फैल रही गैस और पेट्रोलियम पदार्थों की किल्लत की अफवाहों को कटिहार जिला प्रशासन ने सिरे से खारिज किया है। जिला आपूर्ति पदाधिकारी सुशील कुमार ने सोमवार को स्पष्ट किया कि जिले में घरेलू और व्यावसायिक एलपीजी गैस सिलेंडरों का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है और उपभोक्ताओं को घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है। इसके साथ ही, प्रशासन ने कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए 6 मामले भी दर्ज किए हैं।

जिला आपूर्ति कार्यालय द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, वर्तमान में जिले के तीनों अनुमंडलों (कटिहार, बारसोई और मनिहारी) में कार्यरत कुल 54 गैस डिस्ट्रीब्यूटर्स के पास 13,979 घरेलू गैस सिलेंडर और 1,615 व्यावसायिक गैस सिलेंडर उपलब्ध हैं। रविवार, 5 जुलाई को हुई 6,120 बुकिंग के विरुद्ध 5,977 सिलेंडरों की आपूर्ति उपभोक्ताओं को कर दी गई है। साथ ही, सोमवार (6 जुलाई) को 5,358 अतिरिक्त घरेलू गैस सिलेंडरों की आपूर्ति की जा रही है। जिला प्रशासन तेल कंपनियों के साथ लगातार समीक्षा बैठकें कर रहा है ताकि आपूर्ति निर्बाध बनी रहे।

गैस की कृत्रिम कमी, जमाखोरी और कालाबाजारी को रोकने के लिए प्रशासन सख्त कदम उठा रहा है। पुलिस उप महानिरीक्षक (विशेष शाखा, बिहार) के निर्देशानुसार जिले में 16 'धावा दल' (छापामारी टीमों) का गठन किया गया है। इन टीमों ने गैस एजेंसियों और होटलों सहित अब तक कुल 953 स्थानों पर छापेमारी की है। अवैध भंडारण और कालाबाजारी के आरोप में अब तक 6 प्राथमिकियां (FIR) दर्ज की जा चुकी हैं। इसके अलावा, जिला कंट्रोल रूम में प्राप्त गैस आपूर्ति से संबंधित सभी 1221 शिकायतों का शत-प्रतिशत निष्पादन कर दिया गया है।

जिला प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे धैर्य बनाए रखें और सोशल मीडिया पर फैलाई जा रही भ्रामक खबरों से गुमराह न हों। लोगों से यह भी अनुरोध किया गया है कि वे गैस वितरण केंद्रों पर अनावश्यक भीड़ न लगाएं। शिक्षा एवं स्वास्थ्य जैसे जरूरतमंद संस्थानों को गैस की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर आम लोग जिला स्तर पर जारी किए गए हेल्पलाइन नंबर 06452-239025 और 06452-239026 पर संपर्क कर सकते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह