home page

डीएम ने पिलाई पोलियो की दो बूंद, सीवान में पांच दिवसीय अभियान का आगाज

 | 
डीएम ने पिलाई पोलियो की दो बूंद, सीवान में पांच दिवसीय अभियान का आगाज


सीवान, 28 जून (हि.स.)। जिले में रविवार से शुरू हुए पांच दिवसीय राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ पचरुखी प्रखंड के पकड़ी बंगाली आंगनवाड़ी केंद्र संख्या-202 पर जिलाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय ने एक बच्चे को पोलियो की दो बूंद दवा पिलाकर किया।

अभियान की शुरुआत जिलाधिकारी के निर्देश पर आशा कार्यकर्ता संध्या देवी द्वारा फीता काटकर की गई। इसके बाद सिविल सर्जन डॉ. श्रीनिवास प्रसाद, जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ. अरविंद कुमार, डीएमओ डॉ. ओपी लाल, डीपीएम विशाल कुमार सिंह, डब्ल्यूएचओ के आरआरटी डॉ. अमजद अली तथा पचरुखी के मेडिकल ऑफिसर ने भी बच्चों को पल्स पोलियो की खुराक पिलाई।

जिलाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय ने कहा कि

पोलियो मुक्त समाज बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है. जिले के प्रत्येक पांच वर्ष तक के बच्चे को पोलियो की दो बूंद दवा अवश्य पिलाई जाए। उन्होंने सभी अभिभावकों से अपील किया कि स्वास्थ्य विभाग की टीम का सहयोग करें और किसी भी बच्चे को इस जीवनरक्षक खुराक से वंचित न रहने दें।सिविल सर्जन डॉ. श्रीनिवास प्रसाद ने बताया कि जिले में 3 लाख 82 हजार 173 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

इसके लिए 5 लाख 37 हजार 886 घरों तक स्वास्थ्यकर्मी पहुंचेंगे। अभियान को सफल बनाने के लिए 1306 हाउस-टू-हाउस टीम, 167 ट्रांजिट टीम, 35 मोबाइल टीम, 477 सुपरवाइजर तथा 2996 टीकाकर्मियों की तैनाती की गई है।

उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान कोई भी पांच वर्ष तक का बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित नहीं रहना चाहिए।इसके लिए सभी अभिभावकों से सहयोग की अपील की गई है।

कार्यक्रम में स्वास्थ्य प्रबंधक अंजनी कुमार, शाहिद अर्शलान, अशोक कुमार शर्मा, आलोक सुधाकर समेत स्वास्थ्य विभाग के कई पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma