बीबीए में नामांकन का अंतिम मौका, 1 सितंबर को दोपहर 2 बजे तक ही मिलेगा अवसर
बक्सर, 31 अगस्त (हि.स.)।
महार्षि विश्वामित्र महाविद्यालय, बक्सर में बीबीए (बैचलर ऑफ बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन) पाठ्यक्रम की रिक्त सीटों पर नामांकन का अंतिम अवसर दिया गया है। कॉलेज प्रशासन के अनुसार नामांकन की प्रक्रिया 1 सितंबर 2026 को दोपहर 2 बजे तक ही पूरी की जाएगी। इसके बाद नामांकन बंद कर दिया जाएगा।
नामांकन के लिए वैसे विद्यार्थी पात्र होंगे, जिन्होंने वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय के समर्थ पोर्टल पर पंजीकरण कराया है और अपनी वरीयता सूची में महार्षि विश्वामित्र महाविद्यालय, बक्सर को प्रथम से दसवीं वरीयता तक चुना है। रिक्त सीटों पर नामांकन साक्षात्कार के आधार पर किया जाएगा। इच्छुक विद्यार्थियों को निर्धारित समय से पहले महाविद्यालय पहुंचकर साक्षात्कार एवं नामांकन की प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
महाविद्यालय प्रशासन ने बताया कि बीबीए पाठ्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को फाइनेंस, मैनेजमेंट और बिजनेस क्षेत्र में करियर के लिए तैयार किया जाता है। शैक्षणिक अध्ययन के साथ विद्यार्थियों के व्यावसायिक कौशल, व्यक्तित्व विकास और नेतृत्व क्षमता को बढ़ाने पर भी विशेष जोर दिया जाता है।
इसके लिए नियमित कक्षाओं के अलावा समय-समय पर सेमिनार, ओरिएंटेशन प्रोग्राम, वर्कशॉप और वार्षिक खेलकूद जैसी गतिविधियां आयोजित की जाती हैं। कॉलेज प्रशासन ने इच्छुक विद्यार्थियों से अपील की है कि वे इस अंतिम अवसर का लाभ उठाते हुए 1 सितंबर को दोपहर 2 बजे से पहले महाविद्यालय पहुंचकर नामांकन प्रक्रिया पूरी करें। इसके बाद किसी भी नामांकन संबंधी अनुरोध पर विचार नहीं किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Kumar Mishra

