केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय के नेतृत्व में निकली लोकतंत्र बचाओ अराजकता हटाओ पदयात्रा
सहरसा,04 नवंबर (हि.स.)।
लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ पदयात्रा बुधवार को भारतीय जनता पार्टी द्वारा जिला परिषद स्थित रेनबो रिसोर्ट से शहीद चौक तक आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) गठबंधन के सभी दलों के नेता व हजारों की संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय सहित विभिन्न गठबंधन दल के विधायक व स्थानीय नेता शामिल हुए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष साजन शर्मा ने की। इस अवसर पर आयोजित जनसभा को संबोधित करते केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने कहा कि एक अच्छी एवं जवाबदेह सरकार का मूल उद्देश्य जनता का कल्याण करना, देश की सुरक्षा सुनिश्चित करना एवं विकास की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।
उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में जनहित सर्वोपरि होना चाहिए एवं सरकार की नीतियां गरीबों, किसानों, युवाओं व आम नागरिकों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने वाली होनी चाहिए। उन्होंने केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं उपलब्धियों का उल्लेख करते कहा कि देश की सीमाओं की सुरक्षा के साथ आंतरिक सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना सरकार की प्रमुख जिम्मेदारी है। देश की बाहरी सीमाओं को सुरक्षित रखने के साथ आंतरिक शांति एवं सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के लिए सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है।
उन्होंने गरीब कल्याण की योजनाओं पर चर्चा करते कहा कि देश से गरीबी दूर करने, जरूरतमंद परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने एवं बेघर लोगों को पक्का मकान देने की दिशा में व्यापक स्तर पर काम किया गया है।गरीबों को मुफ्त एवं बेहतर इलाज की सुविधा उपलब्ध कराने एवं उनके जीवन स्तर में सुधार लाने के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही है।किसानों के हितों का उल्लेख करते उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के माध्यम से किसानों के बैंक खातों में सीधे आर्थिक सहायता भेजी जा रही है। वहीं जनधन योजना ने गरीब एवं वंचित वर्ग के लोगों को बैंकिंग व्यवस्था से जोड़ने का काम किया है। डीबीटी के माध्यम से सरकारी योजनाओं की राशि सीधे लाभुकों के खाते में पहुंच रही है। जिससे बिचौलियों की भूमिका समाप्त करने में मदद मिली है। उन्होंने देश में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार को भी सरकार की महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।उन्होंने कहा कि बेहतर सड़कों का निर्माण, स्वच्छ भारत अभियान के तहत घर-घर शौचालय की व्यवस्था एवं रेल नेटवर्क के आधुनिकीकरण से आम लोगों के जीवन में व्यापक बदलाव आया है।
हिन्दुस्थान समाचार / अजय कुमार

