निश्चय मित्र अभियान के तहत 10 टीबी मरीजों को मिला पोषण सहयोग, समाज से आगे आने की अपील
सुपौल, 31 जुलाई (हि.स.)। टीबी के मरीजों को बेहतर पोषण और सामाजिक सहयोग उपलब्ध कराने के उद्देश्य से वीरपुर स्थित ललित नारायण अनुमंडलीय अस्पताल में गुरुवार को निश्चय मित्र अभियान के अंतर्गत विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस दौरान बसंतपुर प्रखंड के 10 टीबी मरीजों को गोद लेकर उन्हें पौष्टिक खाद्य सामग्री से युक्त फूड बास्केट प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में अनुमंडल पदाधिकारी विनय कुमार ने दो टीबी मरीजों को निश्चय मित्र के रूप में गोद लिया। वहीं प्रभारी उपाधीक्षक डॉ. शैलेन्द्र दीपक, अस्पताल प्रबंधक अविनाश कुमार, वरिष्ठ उपचार पर्यवेक्षक (एसटीएस) प्रकाश चंद्र साह तथा समाजसेवी कृष्ण कुमार पांडे ने भी दो-दो मरीजों की जिम्मेदारी लेते हुए उनके पोषण सहयोग का संकल्प लिया।
मरीजों को वितरित फूड बास्केट में एक दर्जन अंडे, एक किलोग्राम मसूर दाल, एक किलोग्राम चना, एक लीटर खाद्य तेल तथा सोयाबीन सहित अन्य पौष्टिक खाद्य सामग्री शामिल थी।
चिकित्सकों ने बताया कि नियमित दवा के साथ संतुलित आहार टीबी मरीजों के शीघ्र स्वस्थ होने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।इस अवसर पर एसडीएम विनय कुमार ने कहा कि टीबी उन्मूलन केवल सरकारी प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसमें समाज के सभी वर्गों की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।
उन्होंने व्यवसायियों, समाजसेवियों और आम नागरिकों से निश्चय मित्र बनकर अधिक से अधिक मरीजों की सहायता करने की अपील की। उन्होंने विश्वास जताया कि जिस तरह देश ने पोलियो उन्मूलन में सफलता प्राप्त की, उसी प्रकार सामूहिक प्रयासों से टीबी मुक्त भारत का लक्ष्य भी हासिल किया जा सकता है।
अस्पताल प्रबंधक अविनाश कुमार ने बताया कि अभियान के तहत अब तक करीब 50 हजार लोगों की टीबी जांच के लिए स्क्रीनिंग की जा चुकी है। इनमें 169 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है और सभी मरीजों का नियमित उपचार चल रहा है।
उन्होंने लोगों से पौष्टिक भोजन, स्वच्छ जीवनशैली अपनाने तथा रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने पर विशेष ध्यान देने की अपील की।
कार्यक्रम में डॉ. एस. रहमान, डॉ. प्रीतम कुमार, प्रयोगशाला तकनीशियन मो. आशिफ हुसैन, रवि कुमार चौधरी सहित स्वास्थ्य विभाग के कई अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

