निर्मली में कला एवं शिल्प प्रतियोगिता, बच्चों ने दिखाई रचनात्मक प्रतिभा
सुपौल, 13 अगस्त (हि.स.)। निर्मली नगर पंचायत के वार्ड संख्या-08 स्थित हंसवाहिनी विद्यासागर विद्यालय में गुरुवार को आगामी स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर कला एवं शिल्प प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
प्रतियोगिता में नर्सरी से लेकर कक्षा आठवीं तक के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के दौरान बच्चों ने रंग-बिरंगे कागज, चार्ट, मिट्टी सहित विभिन्न सामग्रियों का उपयोग कर आकर्षक कलाकृतियां तैयार कीं। विद्यार्थियों ने अपनी रचनाओं के माध्यम से भारतीय संस्कृति, राष्ट्रीय प्रतीकों और देश की ऐतिहासिक विरासत को दर्शाने का प्रयास किया।
बच्चों द्वारा तैयार की गई कलाकृतियों ने विद्यालय परिसर में मौजूद लोगों का ध्यान आकर्षित किया। प्रतियोगिता को लेकर विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखा गया। विद्यालय परिसर में बच्चों की रचनात्मक गतिविधियों के साथ देशभक्ति का माहौल भी नजर आया।
विभिन्न कक्षाओं के विद्यार्थियों ने अपनी कल्पनाशीलता और कला कौशल के माध्यम से स्वतंत्रता दिवस की भावना को प्रस्तुत किया।विद्यालय के निदेशक सह संस्थापक राम प्रकाश साहू ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य बच्चों में देश की विरासत, संस्कृति और ऐतिहासिक स्मृतियों के प्रति जागरूकता पैदा करना है।
उन्होंने कहा कि इस तरह की गतिविधियों से बच्चों में पढ़ाई के साथ रचनात्मक सोच, कला कौशल और देशभक्ति की भावना का विकास होता है। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता के परिणाम स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर घोषित किए जाएंगे।
प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को विद्यालय प्रबंधक समिति की ओर से सम्मानित किया जाएगा।प्रतियोगिता के दौरान विद्यालय के शिक्षक रुखसार आरजू, नीरंजन कुमार और आशीष कुमार समेत अन्य शिक्षक मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

