निर्मली में होटल पर देर रात छापेमारी, कई संदिग्ध हिरासत में
सुपौल, 18 जुलाई (हि.स.)। निर्मली नगर स्थित पोस्ट ऑफिस के समीप एक होटल में शनिवार देर रात पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर कई संदिग्ध महिला-पुरुषों को हिरासत में लिया। कार्रवाई के दौरान होटल के कमरों की गहन तलाशी ली गई तथा वहां मौजूद लोगों के पहचान पत्र और अन्य दस्तावेजों का सत्यापन किया गया।
पुलिस ने होटल संचालक और मैनेजर को भी पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।
जानकारी के अनुसार, होटल में लंबे समय से संदिग्ध गतिविधियों की शिकायतें मिल रही थीं। इसी आधार पर प्रशासन ने योजनाबद्ध तरीके से देर रात छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान एहतियात के तौर पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।
सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए दमकल की गाड़ी भी मौके पर मौजूद रखी गई थी।छापेमारी का नेतृत्व निर्मली एसडीपीओ धीरज कुमार सिन्हा के नेतृत्व में किया गया। इस दौरान एसडीपीओ अनुपेश नारायण, थानाध्यक्ष सियावर मंडल समेत कई प्रशासनिक अधिकारी और पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
टीम ने होटल के सभी कमरों की बारीकी से जांच की और वहां ठहरे लोगों से पूछताछ की। तलाशी के दौरान कुछ आपत्तिजनक सामान मिलने की भी चर्चा है, हालांकि पुलिस ने बरामदगी के संबंध में आधिकारिक जानकारी नहीं दी है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि हिरासत में लिए गए सभी लोगों से पूछताछ की जा रही है। उनके पहचान पत्रों और अन्य दस्तावेजों का सत्यापन कराया जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद मामले में विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल जांच जारी रहने के कारण पुलिस ने अधिक जानकारी साझा करने से परहेज किया है।स्थानीय लोगों का कहना है कि निर्मली थाना क्षेत्र में लंबे समय बाद इस तरह की बड़ी कार्रवाई हुई है।
लोगों का मानना है कि पुलिस और प्रशासन की इस संयुक्त छापेमारी से क्षेत्र में संचालित संदिग्ध गतिविधियों पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी। जांच पूरी होने के बाद मामले से जुड़े अन्य तथ्यों का भी खुलासा होने की संभावना जताई जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

