home page

एनएच पर बढ़ते हादसों के बीच पुलिस सख्त, हेलमेट से ट्रिपल राइडिंग तक पर कार्रवाई

 | 
एनएच पर बढ़ते हादसों के बीच पुलिस सख्त, हेलमेट से ट्रिपल राइडिंग तक पर कार्रवाई


बेतिया, 01 अक्टूबर (हि.स.)। पश्चिमी चंपारण इलाका से गुजरने वाले एनएच पर लगातार हो रहे सड़क हादसों को देखते हुए पुलिस ने यातायात नियमों के अनुपालन को लेकर सख्ती बढ़ा दी है। दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के साथ लोगों को सुरक्षित यातायात के प्रति जागरूक करने के लिए नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों पर कार्रवाई की जाएगी। बिना हेलमेट बाइक चलाने वालों के खिलाफ चालान की कार्रवाई होगी। इतना ही नहीं, थाना परिसर में बिना हेलमेट पहुंचने वाले बाइक चालकों का भी चालान काटा जा सकता है।

थानाध्यक्ष इंद्रजीत पासवान ने गुरुवार को बताया कि बाइक पर चालक समेत दो से अधिक सवारी बैठाकर चलने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि ट्रिपल राइडिंग से वाहन का संतुलन बिगड़ने के साथ दुर्घटना की आशंका बढ़ जाती है। एनएच पर दुर्घटनाओं के संवेदनशील स्थानों को देखते हुए बोलवा मोड़ से परसा-मठिया चौक तक विभिन्न जगहों पर बैरियर लगाए गए हैं, ताकि वाहनों की गति नियंत्रित की जा सके।

पुलिस ने वाहन चालकों से हेलमेट पहनने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने, क्षमता से अधिक सवारी नहीं बैठाने और वाहन चलाते समय मोबाइल का इस्तेमाल नहीं करने की अपील की है। थानाध्यक्ष ने कहा कि यातायात नियमों का पालन प्रत्येक व्यक्ति की सुरक्षा के लिए जरूरी है।

हिन्दुस्थान समाचार / अमानुल हक