home page

एनएच-27 पर सड़क हादसे में शिक्षक की मौत, तीन मासूम बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

 | 
एनएच-27 पर सड़क हादसे में शिक्षक की मौत, तीन मासूम बच्चों के सिर से उठा पिता का साया


एनएच-27 पर सड़क हादसे में शिक्षक की मौत, तीन मासूम बच्चों के सिर से उठा पिता का साया


सुपौल, 23 अगस्त (हि.स.)। राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या (एनएच-27) पर शनिवार को हुए सड़क हादसे में राघोपुर निवासी शिक्षक रविंद्र कुमार यादव (35) की मौत हो गई। हादसा मधुबनी जिले के झंझारपुर स्थित अपने विद्यालय से घर लौटने के दौरान हुआ।

दुर्घटना में शिक्षक की मौके पर ही जान चली गई। रविंद्र कुमार यादव राघोपुर थाना क्षेत्र के देवीपुर पंचायत स्थित कोरियापट्टी वार्ड-14 के रहने वाले थे। वे झंझारपुर के उच्च माध्यमिक विद्यालय सुशारी तुर्की में शिक्षक के पद पर कार्यरत थे।

शनिवार दोपहर करीब दो बजे विद्यालय से अपने घर के लिए निकले थे। इसी दौरान एनएच-27 पर सड़क हादसे का शिकार हो गए। रविंद्र अपने परिवार के मुख्य सहारा थे। उनके परिवार में पत्नी प्रियंका कुमारी के अलावा दो बेटियां और एक बेटा है।

तीनों बच्चे अभी छोटे हैं। पति की मौत की खबर मिलने के बाद पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। पिता के असमय चले जाने से बच्चों के सिर से भी सहारा उठ गया है। मृतक के पिता देवाराम यादव देवीपुर पंचायत के वार्ड सदस्य प्रतिनिधि हैं। रविंद्र दो भाइयों में बड़े थे, जबकि छोटे भाई अभी पढ़ाई कर रहे हैं। बेटे की अचानक मौत से माता-पिता सदमे में हैं।

शनिवार देर रात रविंद्र का शव गांव पहुंचा तो पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों ने बताया कि रविंद्र मिलनसार स्वभाव के साथ अपने शिक्षकीय दायित्व के प्रति बेहद समर्पित थे। उनके निधन को समाज के लिए भी बड़ी क्षति बताया गया।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है और मामले की जांच की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र