home page

माल ढुलाई में पूसी रेलवे की बड़ी छलांग: कटिहार मंडल से मक्का व पीओएल लोडिंग से मिला 35.61 करोड़ का राजस्व

 | 
माल ढुलाई में पूसी रेलवे की बड़ी छलांग: कटिहार मंडल से मक्का व पीओएल लोडिंग से मिला 35.61 करोड़ का राजस्व


कटिहार, 16 नवंबर (हि.स.)। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (पूसी रेलवे) ने अपने नेटवर्क में ग्राहक-केंद्रित पहलों और माल लोडिंग-अनलोडिंग अवसंरचना को सुदृढ़ करते हुए माल भाड़ा राजस्व में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की है। इसमें कटिहार रेलमंडल ने प्रमुख भूमिका निभाते हुए मक्का और पेट्रोलियम उत्पादों (पीओएल) की रिकॉर्ड लोडिंग के जरिए रेलवे को कुल 35.61 करोड़ रुपये का राजस्व दिलाया है।

पूसी रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (सीपीआरओ) कपिंजल किशोर शर्मा ने बताया कि कटिहार मंडल के अंतर्गत पूर्णिया (12), रानीपतरा (2), जलालगढ़ (1), कटिहार (1), सूर्यकमल (1) और अररिया (1) स्टेशनों से मक्के की कुल 18 रैक का लोडिंग किया गया, जिससे 10.62 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ। इसके अतिरिक्त, मंडल के आईओसी साइडिंग (न्यू जलपाईगुड़ी) और एनआरएसआर साइडिंग (रंगापानी) से पेट्रोलियम, ऑयल एंड लुब्रिकेंट्स (पीओएल) की 68 रैक लोड की गईं, जिससे 24.99 करोड़ रुपये का माल भाड़ा राजस्व अर्जित हुआ।

अन्य मंडलों के प्रदर्शन की जानकारी देते हुए सीपीआरओ ने बताया कि अलीपुरद्वार मंडल में गौरीपुर स्टेशन को 7 अक्टूबर से आउटवर्ड ऑटोमोबाइल यातायात तथा फालाकाटा स्टेशन को 31 अक्टूबर से इनवर्ड कोयला व कोक यातायात के लिए चालू किया गया है। इस मंडल में ऑटोमोबाइल की एक रैक से 0.23 करोड़ रुपये की आय हुई। वहीं, लामडिंग मंडल में स्टोन चिप्स (गिट्टी) के 1,532 वैगनों से 7.37 करोड़, सीमेंट के 2,183 वैगनों से 9.51 करोड़, कंटेनर के 1,335 वैगनों से 4.70 करोड़ तथा पीओएल के 49 वैगनों से 0.54 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ। रेलवे की इन पहलों से क्षेत्रीय व्यापार और लॉजिस्टिक्स नेटवर्क को नई गति मिल रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह