home page

नगरपालिका चुनाव के लिए पहुंचीं नवनिर्मित एस तीन मल्टीपोस्ट ईवीएम

 | 
नगरपालिका चुनाव के लिए पहुंचीं नवनिर्मित एस तीन मल्टीपोस्ट ईवीएम


नगरपालिका चुनाव के लिए पहुंचीं नवनिर्मित एस तीन मल्टीपोस्ट ईवीएम


सारण, 07 जून (हि.स.)। बिहार नगरपालिका आम निर्वाचन 2026 की तैयारियों के तहत राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार शनिवार देर रात नवनिर्मित एस तीन मल्टीपोस्ट ईवीएम छपरा लाई गईं।

जिला पदाधिकारी सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी वैभव श्रीवास्तव एवं वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार की उपस्थिति में सुरक्षा मानकों की जांच के बाद, इन्हें औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान छपरा सदर के कैंटीन भवन स्थित वेयरहाउस में सीलबंद कर भंडारित किया गया। इस दौरान विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।

सारण जिला को इस निर्वाचन के लिए ईसीआईएल द्वारा नवनिर्मित एस तीन मॉडल की 500 कंट्रोल यूनिट तथा 1500 बैलेट यूनिट उपलब्ध कराई गई हैं। इस साल जून-जुलाई में प्रस्तावित उत्क्रमित सोनपुर नगर परिषद के तीनों पदों और आसन्न नगर पंचायत के सभी छह पदों का चुनाव इसी आधुनिक ईवीएम से संपन्न कराया जाएगा।

राज्य निर्वाचन आयोग की इस अनूठी पहल के तहत, इस ईवीएम के महज एक कंट्रोल यूनिट से पदवार बैलेट यूनिट को जोड़कर नगर निकाय के तीनों और पंचायत के सभी छह पदों का चुनाव एक साथ कराया जा सकता है। यह अधिकतम आठ पदों के लिए सक्षम है। इसमें एक सिक्योर्ड मेमोरी मॉड्यूल है जो सभी प्रत्याशियों का डेटा सुरक्षित रखेगा। साथ ही टोटलाइजर तकनीक से मतगणना के समय त्रुटिरहित सांख्यिकीय गणना तुरंत प्रदर्शित होगी, जिससे समय की बचत के साथ-साथ वाहन एवं मानव बल पर होने वाला खर्च भी काफी कम हो जाएगा।

अधिकारियों ने सुरक्षा बलों को मुस्तैद रहने और प्रपत्रों को समय पर आयोग भेजने के निर्देश दिए हैं। इस मौके पर छपरा सदर एसडीओ, उप निर्वाचन पदाधिकारी, जिला पंचायत राज पदाधिकारी सहित भाजपा, राजद, कांग्रेस व रालोसपा के जिलाध्यक्ष एवं प्रतिनिधि उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार