home page

सीवान में नई चीनी मिल की कवायद तेज, डीएम बोले- सरकार की प्राथमिकता है स्थापना

 | 
सीवान में नई चीनी मिल की कवायद तेज, डीएम बोले- सरकार की प्राथमिकता है स्थापना


सीवान, 06 अगस्त (हि.स.)। जिलाधिकारी सह क्षेत्रीय विकास परिषद, मैरवा के अध्यक्ष विवेक रंजन मैत्रेय की अध्यक्षता में गुरुवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में परिषद की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में गन्ना खेती के विस्तार और नई चीनी मिल की स्थापना को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि नई चीनी मिल की स्थापना राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। इसके लिए जिले में चीनी मिल की स्थापना हेतु उपयुक्त स्थल का चयन कर लिया गया है।

उन्होंने कहा कि मिल की स्थापना से किसानों को गन्ने की बेहतर बाजार व्यवस्था मिलेगी और क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।

जिलाधिकारी ने जिला ईख पदाधिकारी-सह-सचिव तथा सहायक निदेशक, ईख विकास को निर्देश दिया कि जिले में गन्ना के रकबे का विस्तार प्राथमिकता के आधार पर किया जाए।

साथ ही कृषि विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर अधिक से अधिक गन्ना किसानों को फसल बीमा योजना और किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) का लाभ सुनिश्चित कराया जाए।

बैठक में प्रतापपुर चीनी मिल के महाप्रबंधक, जिला अभियंता तथा किसान प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया और गन्ना विकास एवं चीनी मिल स्थापना से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर अपने सुझाव दिए।

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma