महानगर जिला जदयू की 52 सदस्यीय नई कार्यकारिणी गठित, सभी वर्गों को मिला प्रतिनिधित्व
भागलपुर, 31 जुलाई (हि.स.)। जनता दल (यूनाइटेड) महानगर भागलपुर के जिलाध्यक्ष संजय साह ने संगठन को और अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाने के उद्देश्य से महानगर जिला जदयू की नई कार्यकारिणी का गठन किया है।
नवगठित कमिटी में जिलाध्यक्ष सहित कुल 52 पदाधिकारी एवं सदस्यों को जिम्मेदारी दी गई है। इसमें समाज के विभिन्न जाति एवं वर्गों को प्रतिनिधित्व देने का प्रयास किया गया है। नवगठित कार्यकारिणी में 1 जिलाध्यक्ष, 1 कोषाध्यक्ष, 1 प्रवक्ता, 14 उपाध्यक्ष, 10 महासचिव, 13 सचिव एवं 12 कार्यकारिणी सदस्य शामिल हैं।
नवगठित कार्यकारिणी में जिलाध्यक्ष संजय साह, कोषाध्यक्ष शुभम् निवेतिया, प्रवक्ता राहुल सिंह और उपाध्यक्ष कुंज बिहारी उर्फ संजू तिवारी को बनाया गया है। महानगर जिला जदयू की नई कार्यकारिणी के गठन पर सांसद अजय मंडल, पूर्व राज्यसभा सांसद सह जदयू की राष्ट्रीय महासचिव कहकशां परवीन, कहलगांव विधायक शुभानंद मुकेश, सुल्तानगंज विधायक ललित मंडल, पूर्व विधायक लक्ष्मीकांत मंडल, जदयू के वरिष्ठ नेता राकेश कुमार ओझा सहित पार्टी के अनेक नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने नवगठित कमिटी के सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
महानगर जिलाध्यक्ष संजय साह ने कहा कि, “महानगर जिला जदयू की नई कार्यकारिणी में समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चलने का प्रयास किया गया है। यह कमिटी संगठन को नई ऊर्जा और नई दिशा देने का काम करेगी। हमारी प्राथमिकता महानगर क्षेत्र में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना तथा पार्टी की विचारधारा और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

