नेत्रदान और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेकर बक्सर से डुमरांव तक निकली जागरूकता पदयात्रा
बक्सर, 01 अगस्त (हि.स.)। राष्ट्रीय नेत्रदान पखवाड़ा एवं पर्यावरण सुरक्षा के अवसर पर शनिवार को दधीचि देहदान समिति, बक्सर एवं सहयोगी संस्थाओं के संयुक्त तत्वावधान में नेत्रदान, अंगदान और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता फैलाने के उद्देश्य से दो दिवसीय पदयात्रा का शुभारंभ किया गया।
बक्सर से डुमरांव तक आयोजित इस पदयात्रा में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया।
पदयात्रा से पूर्व आयोजित सभा को संबोधित करते हुए दधीचि देहदान समिति की अध्यक्ष एवं नगर परिषद बक्सर की पूर्व चेयरमैन मीना सिंह ने कहा कि नेत्रदान और अंगदान किसी जरूरतमंद के जीवन में नई रोशनी और नई उम्मीद का संचार करते हैं।
उन्होंने लोगों से नेत्रदान का संकल्प लेने के साथ पर्यावरण संरक्षण के लिए भी सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। वहीं, आशा पर्यावरण के संयोजक विपिन कुमार ने पर्यावरण सुरक्षा को जन-जन का दायित्व बताते हुए अधिक से अधिक पौधारोपण और प्रकृति संरक्षण का संदेश दिया।
जागरूकता अभियान के तहत प्रतिभागियों ने अपनी आंखों पर काली पट्टी बांधकर लगभग एक किलोमीटर तक पदयात्रा की और नेत्रदान के महत्व का संदेश दिया। इस दौरान उपस्थित सैकड़ों लोगों ने नेत्रदान, अंगदान एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति संकल्प लिया।
इस अवसर पर मीना सिंह, रोटेरियन मनीष पांडे, मनोज वर्मा, सौरभ तिवारी, मंजेश केशरी, विपिन कुमार, विवेक कुमार, अनीता यादव, जिला कृषि पदाधिकारी धर्मेंद्र कुमार, वरिष्ठ पत्रकार शशांक शेखर, राजकुमार शर्मा, अशोक प्रजापति, दिनेश सिंह, जितेंद्र सिंह, पूनम रविदास, निर्मल कुमार सिंह, डॉ. धर्मेंद्र, सुनील सरला, विक्रम जयनारायण निषाद सहित बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Mishra

