भारत-नेपाल सीमा पर 1665 किलो यूरिया खाद सहित 9 बाइक जब्त
पूर्वी चंपारण,03 जून (हि.स.)।
भारत-नेपाल सीमा पर 71वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से नेपाल ले जाई जा रही 1665 किलोग्राम यूरिया खाद और 9 मोटरसाइकिलें जब्त की हैं। इस दौरान एक नेपाली नागरिक समेत दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया। एसएसबी की आसूचना शाखा को सूचना मिली थी कि बलुआ गांव के रास्ते कुछ लोग भारत से नेपाल अवैध सामान भेजने की तैयारी कर रहे हैं। सूचना के सत्यापन और कार्रवाई के लिए बीओपी झाझरा की दो टीमों को संयुक्त नाका ड्यूटी पर तैनात किया गया।
कार्रवाई में एक टीम का नेतृत्व सहायक उप निरीक्षक (जीडी) मानस बोरह और दूसरी टीम का नेतृत्व एसओटी कमांडर सहायक उप निरीक्षक (जीडी) कुलबीर सिंह कर रहे थे। दोनों टीमों ने सीमा क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखनी शुरू की। रात करीब 1:15 बजे सीमा स्तंभ संख्या 361/12 से लगभग 500 मीटर भारतीय क्षेत्र में नाका पार्टी ने 9-10 लोगों को मोटरसाइकिलों पर सामान लेकर नेपाल की ओर जाते देखा। जवानों ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन एसएसबी को देखते ही सभी तस्कर बाइक और सामान छोड़कर भागने लगे।
एसएसबी जवानों ने पीछा कर दो तस्करों को पकड़ लिया, जबकि अन्य तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर नेपाल की ओर भागने में सफल रहे। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नेपाल के बारा जिले के बैरिया निवासी इन्ताज अंसारी वही जितना थाना क्षेत्र के रेगनिया गांव निवासी विनोद यादव के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान एसएसबी ने 45-45 किलोग्राम की 37 बोरी भारतीय यूरिया खाद बरामद की, जिसका कुल वजन 1665 किलोग्राम है। इसके अलावा 9 मोटरसाइकिलें भी जब्त की गईं। एसएसबी ने जब्ती सूची तैयार कर सभी सामान कब्जे में ले लिया है। अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तार तस्करों और जब्त सामग्री को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए संबंधित विभाग को सौंपा जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / आनंद कुमार

