NEET में 141वीं रैंक लाने वाले हेरिटेज स्कूल के छात्र आदित्य रंजन का भव्य सम्मान
बक्सर, 20 जुलाई (हि.स.)। देश की प्रतिष्ठित मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट यूजी 2026 में अखिल भारतीय 141वीं रैंक (AIR 141) प्राप्त कर इतिहास रचने वाले हेरिटेज स्कूल, अर्जुनपुर, बक्सर के मेधावी छात्र आदित्य रंजन का विद्यालय परिवार द्वारा भव्य सम्मान किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के निदेशक डॉ प्रदीप पाठक एवं प्रेसिडेंट प्रेम कुमार पाठक द्वारा पुत्र की उपलब्धि के लिए पुत्र के समक्ष पिता को सम्मान देना एक भावुक क्षण बन गया ।
सर्वप्रथम उनके पिता सुरेन्द्र महतो, जो स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत हैं, को विद्यालय परिवार की ओर से अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
गौरवान्वित पिता के उपरांत आदित्य रंजन को उनके गौरवपूर्ण प्रदर्शन तथा भविष्य में एक सफल चिकित्सक बनने की दिशा में उठाए गए प्रथम ऐतिहासिक कदम के प्रतीक स्वरूप डॉक्टर का अनन्य उपकरण स्टेथोस्कोप, माँ सरस्वती की प्रतिमा तथा अन्य आकर्षक उपहार प्रदान कर सम्मानित किया गया। यह अपने पुत्र की इस असाधारण सफलता पर आदित्य रंजन के पिता भाव-विभोर दिखाई दिए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Mishra

