home page

महिला आरक्षण बिल पारित नहीं होने के विरोध में एनडीए की महिलाएं सोमवार को पहुंचेंगी गांधी मैदान: संजय सरावगी

 | 

पटना, 19 अप्रैल (हि.स.)। महिला आरक्षण विधेयक के संसद में पारित नहीं होने के बाद में राष्ट्रीय जनतान्त्रिक गठबंधन (एनडीए) के द्वारा पटना के गांधी मैदान में सोमवार को आक्रोश प्रदर्शन किया जाएगा।

बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने बताया कि इस आक्रोश प्रदर्शन में प्रदेश के सभी जिलों से लाखों की संख्या में एनडीए की महिला कार्यकर्ताओं के अलावा आम महिलाए भाग लेंगी और संसद में नारी शक्ति वंदन अधिनियम के पारित होने में रोड़ा अटकाने वाले विपक्ष के नेताओं से जवाब मांगेगी।

उन्होंने कहा कि इस आक्रोश प्रदर्शन को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गयी है। गांधी मैदान में एक मंच तैयार किया जा रहा है। प्रदेश भर से आई लाखों महिलाओं को बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के अलावा एनडीए के कई नेता भी उन्हें संबोधित करेंगे।

संजय सरावगी ने बताया कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम के लोकसभा में पारित नहीं होने को लेकर बिहार की आधी आबादी निराश और खुद को अपमानित महसूस कर रही है। कल गांधी मैदान में इन आक्रोशित महिला नेत्रियों का हुंकार इसी का प्रकटीकरण होगा।

उन्होंने दावा करते हुए कहा कि इस आक्रोश रैली में बड़ी संख्या में आम महिलाएं भी शामिल होंगी जो राजद और कांग्रेस से यह सवाल भी पूछेंगी कि उनकी घर की महिलाएं जब सांसद बन सकती है तो हम गाँव की महिलाओं को इस हक और अधिकार से वंचित क्यों किया गया?

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त