home page

एनडीए नेतृत्व सामूहिक रूप से तय करेगा बिहार के मुख्यमंत्री का नाम: प्रेम रंजन पटेल

 | 

पटना, 19 मार्च (हि.स.)। बिहार भाजपा के प्रवक्ता और पूर्व विधायक प्रेम रंजन पटेल ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बाद के मुख्यमंत्री के नाम की तेज हुई चर्चा के बीच कहा कि एनडीए में मुख्यमंत्री के नाम को लेकर कहीं कोई विवाद नहीं है। यह एनडीए में चर्चा का विषय भी नहीं है।

उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि मुख्यमंत्री का नाम एनडीए का नेतृत्व सामूहिक रूप से तय करेगा, जो सबको मान्य होगा। यह विषय एनडीए के लिए चर्चा का केंद्र नहीं हो सकता है।

प्रेम रंजन पटेल ने आगे कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एनडीए के बड़े नेता हैं और नए मुख्यमंत्री के नाम में उनकी भी सहमति ली जाएगी, यह भी सत्य है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को बिहार को बढ़ाने में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। आगे जो भी मुख्यमंत्री होगा, उन्हें भी नीतीश कुमार का आशीर्वाद, स्नेह और मार्गदर्शन मिलेगा।

उन्होंने कहा कि एनडीए के लक्ष्य भारत को विकसित देश और बिहार को विकसित राज्य बनाना है, हम सभी को मिलकर इसके लिए काम करना होगा।

उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार से भाजपा का गठबंधन काफी पुराना है, हम लोग वर्षों साथ चले हैं और अब हम लोगों को इसकी आदत हो गई है। इसलिए नए मुख्यमंत्री के नाम को लेकर जब जरूरत होगी, एनडीए का नेतृत्व सामूहिक रूप से तय कर लेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त