home page

बांकीपुर में एनडीए प्रत्याशी नीरज सिन्हा का जनसंपर्क अभियान तेज

 | 
बांकीपुर में एनडीए प्रत्याशी नीरज सिन्हा का जनसंपर्क अभियान तेज


पटना, 16 जुलाई (हि.स.)। बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) समर्थित भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा का जनसंपर्क अभियान लगातार तेज होता जा रहा है।

गुरुवार को उन्होंने विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न वार्डों, बाजारों, मोहल्लों और सार्वजनिक स्थलों पर लोगों से संपर्क कर राजग के पक्ष में मतदान की अपील की। जनसंपर्क अभियान की शुरुआत अहले सुबह वार्ड-21 स्थित श्रीकृष्णापुरी पार्क से हुई, जहां मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों से मुलाकात की गई।

इसके बाद श्रीकृष्णापुरी मोहल्ले के महल क्षेत्र में लोगों से मुलाकात कर चाय पर चर्चा की गई। नागरिकों ने क्षेत्र के विकास को लेकर सकारात्मक सुझाव दिए और भाजपा के प्रति अपना विश्वास व्यक्त किया।

इसके बाद जनसंपर्क अभियान अशोक राजपथ स्थित श्री हनुमान मंदिर परिसर पहुंचा, जहां पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धालुओं एवं स्थानीय नागरिकों से संवाद किया गया। इसके उपरांत वार्ड-37 के नटराज गली, अशोक राजपथ, गोला रोड, बजाजा, दलदली, आईएमए हॉल, द्वारिकानाथ लेन और सालिमपुर अहरा सहित विभिन्न क्षेत्रों में घर-घर जाकर लोगों से संपर्क किया गया।

जंक्शन मंडल के बाकरगंज रोड और आसपास के क्षेत्रों के साथ-साथ कदमकुआं मंडल के उमा सिनेमा हॉल, दलदली रोड, बजाजा इलेक्ट्रॉनिक मार्केट, कला मंच, ठाकुरबाड़ी रोड, चूड़ी मार्केट और पार्क रोड में भी व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया गया। अभियान में पार्षद संजीव आनंद, मंडल अध्यक्ष मनोज कुमार सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।

नीरज सिन्हा ने दावा करते हुए कहा कि बांकीपुर में जनसंपर्क अभियान को जनसमर्थन मिल रहा है। उन्होंने कहा कि बांकीपुर की जनता के प्यार और स्नेह से अभिभूत हूँ। दावा करते हुए उन्होंने कहा कि यहां की जनता ने इस उप चुनाव में कमल खिलना तय कर दिया।

हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त