home page

सैनिक स्कूल के भैया-बहनों और एनसीसी कैडेट्स ने निकाली तिरंगा पदयात्रा

 | 
सैनिक स्कूल के भैया-बहनों और एनसीसी कैडेट्स ने निकाली तिरंगा पदयात्रा


भागलपुर, 14 अगस्त (हि.स.)। स्थानीय गणपत राय सलारपुरिया सरस्वती विद्या मंदिर, नरगाकोठी, चंपानगर के सैनिक स्कूल के भैया-बहनों और एनसीसी 84/4 ट्रूप्स के कैडेट्स ने ‘हर घर तिरंगा’ कार्यक्रम के अंतर्गत शुक्रवार को एक भव्य तिरंगा पदयात्रा निकाली। यह पदयात्रा विश्वविद्यालय थाना के समीप से प्रारंभ होकर सराय तक गई। इसमें शामिल भैया-बहनों ने पूरे उत्साह, अनुशासन और देशभक्ति की भावना के साथ हाथों में राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा थामकर अपनी सहभागिता दर्ज कराई। पदयात्रा के माध्यम से छात्र-छात्राओं ने राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देश के प्रति सम्मान का संदेश जन-जन तक पहुंचाया। इस दौरान गूंजते देशभक्ति के नारों से पूरा वातावरण राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत हो गया। विद्यालय के प्रधानाचार्य अमरेश कुमार ने इस अवसर पर कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ केवल एक अभियान नहीं है, बल्कि यह राष्ट्र के प्रति गौरव, एकता और जिम्मेदारी की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का एक सशक्त माध्यम है। इस प्रकार के आयोजनों से छात्र-छात्राओं में राष्ट्रभक्ति, अनुशासन, सामाजिक दायित्व और राष्ट्रीय चेतना का विकास होता है।

उन्होंने सभी भैया-बहनों और अभिभावकों से आग्रह किया कि वे स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने-अपने घरों में तिरंगा फहराकर इस अभियान से जुड़ें और राष्ट्र की एकता व अखंडता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करें। उल्लेखनीय है कि इस गरिमामयी कार्यक्रम का सफल आयोजन 4 बिहार बटालियन एनसीसी, भागलपुर के कमांडिंग ऑफिसर लेफ्टिनेंट कर्नल विकास मंडल के कुशल निर्देशन में संपन्न हुआ। इस गौरवशाली पदयात्रा को सफल बनाने में प्रधानाचार्य अमरेश कुमार, एनसीसी ऑफिसर एस/ओ सागर कुमार, पूर्व सैनिक जयराम उराव, पूर्व सैनिक सुधाकर मिश्र, शशि भूषण मिश्र, अतुल दुबे, संजय कुमार, गुरुदेव कुमार, विश्वजीत कुमार, रंजीत कुमार, कपिल कुमार, रविंद्र कुमार, शशिधर मंडल और कैलाश मंडल ने मुख्य भूमिका निभाई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर