home page

बारिश के कारण नहीं पहुंच सके राज्यपाल और कृषि मंत्री, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से किया समागम का समापन

 | 
बारिश के कारण नहीं पहुंच सके राज्यपाल और कृषि मंत्री, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से किया समागम का समापन


भागलपुर, 28 जून (हि.स.)। जिले के बिहार कृषि विश्वविद्यालय सबौर में आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय आम समागम-सह-कार्यशाला का समापन समारोह रविवार को आयोजित किया गया।

इस मौके पर भागलपुर के सांसद अजय मंडल, विधायक रोहित पांडे, सुल्तानगंज विधायक ललित कुमार और पीरपैंती विधायक मुरारी पासवान सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

खराब मौसम और विजिबिलिटी कम होने के कारण बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन (सेवानिवृत्त) और सूबे के कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा का सबौर पहुंचने का वीआईपी कार्यक्रम तात्कालिक रूप से स्थगित करना पड़ा। हालांकि, तकनीक का लाभ उठाते हुए दोनों शीर्ष नेताओं ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (ऑनलाइन) के माध्यम से विश्वविद्यालय के कर्पूरी सभागार में आयोजित मुख्य समारोह में अपनी डिजिटल उपस्थिति दर्ज कराई और देश के 9 राज्यों से आए प्रगतिशील बागवानों का हौसला बढ़ाया।

विश्वविद्यालय के बहुउद्देशीय कक्ष में देश के कोने-कोने से लाई गई 1,000 से अधिक दुर्लभ और उन्नत पारंपरिक आमों की भव्य प्रदर्शनी (एग्जीबिशन) सह विक्रय काउंटर लगाए गए हैं। यहाँ ढाई-ढाई किलो के आम और अनोखे स्वाद वाली किस्मों को देखकर आम दर्शक दांतों तले उंगली दबाने को मजबूर हैं।

प्रदर्शनी दीर्घा में कुछ विशिष्ट और अत्यंत दुर्लभ आमों को देखने के लिए हजारों आम प्रेमियों और स्कूली बच्चों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। कार्यक्रम में देशभर से आए किसानों, वैज्ञानिकों और आम उत्पादकों ने हिस्सा लिया।

राष्ट्रीय आम समागम के दौरान आम की अलग-अलग किस्मों, आधुनिक खेती की तकनीक और किसानों की आय बढ़ाने को लेकर चर्चा की गई। समारोह में आम उत्पादन को बढ़ावा देने और बिहार को आम की खेती के क्षेत्र में आगे ले जाने पर जोर दिया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर