home page

12 सितम्बर को लगने वाले राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारी में जुटा जिला विधिक सेवा प्राधिकार

 | 
12 सितम्बर को लगने वाले राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारी में जुटा जिला विधिक सेवा प्राधिकार


अररिया 06 अगस्त(हि.स.)।राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकार नई दिल्ली के निर्देश पर आगामी 12 सितंबर को अररिया व्यवहार न्यायालय में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा।जिसकी तैयारी में जिला विधिक सेवा प्राधिकार जुट गई है।

प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकार गुंजन पांडे ने सभी न्यायिक पदाधिकारियों को सफल आयोजन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।मुख्य उद्देश्य अधिक से अधिक सुलहनीय मामलों का आपसी सहमति से त्वरित निपटारा कर न्याय प्रक्रिया को सरल, सुलभ और त्वरित बनाना है।

जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव रोहित श्रीवास्तव ने गुरुवार को बताया कि लोक अदालत की सफलता सुनिश्चित करने के लिए सभी न्यायालयों में पारा विधिक स्वयं सेवकों को तैनात किया गया है।इन स्वयं सेवकों का कार्य सुलह योग्य मामलों के पक्षकारों तक नोटिस पहुंचाना और उन्हें लोक अदालत में भाग लेने के लिए प्रेरित करना है।

उन्हाेंने स्पष्ट किया कि लोक अदालत ऐसे विवादों के समाधान का प्रभावी मंच है, जहां दोनों पक्ष आपसी सहमति से निपटारा चाहते हैं। यहां मामलों का निस्तारण कम समय में, बिना अनावश्यक कानूनी जटिलताओं और अतिरिक्त खर्च के होता है। लोक अदालत में हुए समझौते को न्यायालय के निर्णय के समान कानूनी मान्यता प्राप्त होती है, जिससे पक्षकारों को लंबे समय तक मुकदमेबाजी से राहत मिलती है।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर