राष्ट्रीय लोक अदालत 12 सितंबर को, लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन को लेकर जिला जज ने की समीक्षा बैठक
कटिहार, 18 अगस्त (हि.स.)। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) एवं बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार (बालसा) के निर्देशानुसार आगामी 12 सितंबर को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों को लेकर व्यवहार न्यायालय में एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डीएलएसए) कटिहार, रणवीर सिंह ने की।
बैठक में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश रणवीर सिंह ने कटिहार जिले के आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि वे 12 सितंबर को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत का लाभ उठाएं और आपसी सुलह-समझौते के आधार पर अपने लंबित वादों का त्वरित निपटारा कराएं। इस दौरान विभिन्न विभागों और न्यायालयों में लंबित सुलहनीय मामलों के अधिक से अधिक निष्पादन को लेकर विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई।
जिलाधिकारी (सह-उपाध्यक्ष, डीएलएसए) तथा पुलिस अधीक्षक ने बैठक में मौजूद जिला परिवहन पदाधिकारी, डीएसपी (यातायात), लोक अभियोजक, सरकारी अधिवक्ता, अपर लोक अभियोजक, विशेष लोक अभियोजक एवं एजीपी को निर्देशित किया कि वे आपसी समन्वय बनाकर अधिक से अधिक मामलों को चिह्नित करें और लोक अदालत के माध्यम से उनका निस्तारण सुनिश्चित कराएं।
इस अवसर पर गत 9 मई 2026 को आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत में उत्कृष्ट योगदान देने वाले अधिकारियों, विभागीय कर्मचारियों एवं लोक अभियोजकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। अंत में अवर न्यायाधीश-सह-सचिव, डीएलएसए कमलेश सिंह देऊ ने सफल आयोजन और बेहतर सहयोग के लिए जिला प्रशासन को विशेष रूप से धन्यवाद ज्ञापित किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

