home page

नालंदा जिले के सड़क हादसे में युवक की मौत, एक गंभीर रूप से घायल

 | 

नालंदा, 08 मई (हि.स.)। जिले में राजगीर सड़क मार्ग पर खोदागंज थाना क्षेत्र अंतर्गत पचरुखिया मोड़ के समीप शुक्रवार सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई। जबकि उसका चचेरा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया।

मृतक की पहचान महम्मदपुर गांव निवासी विनय साव के 20 वर्षीय पुत्र हरेंद्र कुमार के रूप में की गई है। घटना के बाद गांव में मातम का माहौल कायम है।

घटना के संबंध में परिजनों ने बताया कि हरेंद्र कुमार अपने चचेरे भाई विकास कुमार के साथ पचरुखिया गांव से राजमिस्त्री का काम समाप्त कर बाइक से घर लौट रहा था।

इसी दौरान पचरुखिया मोड़ के पास एक अनियंत्रित पिकअप वैन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि हरेंद्र कुमार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि विकास कुमार गंभीर रूप से जख्मी हो गया।

स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को इलाज के लिए पावापुरी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां उसकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।

घटना के बाद मृतक के परिजनों ने अस्पताल व्यवस्था पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मृतक के परिजन ब्रह्मदेव गोप ने बताया कि वे लोग अस्पताल परिसर में इलाज के लिए इंतजार करते रहे, लेकिन काफी देर तक कोई स्वास्थ्यकर्मी नहीं पहुंचा।

उन्होंने आरोप लगाया कि अस्पताल कर्मियों द्वारा डीएम का आदेश लाने जैसी बातें कहकर परेशान किया गया। परिजनों का कहना है कि अस्पताल में गरीब मरीजों की सुनने वाला कोई नहीं है और स्वास्थ्य व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है।

इधर, खोदागंज थानाध्यक्ष दुर्गेश कुमार गहलोत ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला तेज रफ्तार बाइक के पिकअप वाहन में पीछे से टकराने का प्रतीत हो रहा है। दुर्घटना के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।

पुलिस ने पिकअप वैन और क्षतिग्रस्त बाइक को जब्त कर लिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रमोद पांडे