टाउन हॉल, गांधी मैदान और राजेंद्र स्टेडियम का प्रबंधन अब नगर परिषद के हाथों में
सीवान, 21 जून (हि.स.)।
जिला प्रशासन ने शहर की तीन प्रमुख सार्वजनिक परिसंपत्तियों—टाउन हॉल, गांधी मैदान और राजेंद्र स्टेडियम—के प्रबंधन एवं रखरखाव की जिम्मेदारी नगर परिषद, सीवान को सौंपने का निर्णय लिया है।
जिला पदाधिकारी के आदेश के बाद यह व्यवस्था तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है।अब तक इन परिसंपत्तियों का संचालन जिला प्रशासन की नजारत शाखा के अधीन किया जाता था। प्रशासन का मानना है कि नगर क्षेत्र के भीतर स्थित इन सार्वजनिक परिसंपत्तियों के नियमित रख-रखाव, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था, सौंदर्यीकरण तथा जनसुविधाओं से जुड़े कार्यों का बेहतर संचालन नगर परिषद द्वारा किया जा सकेगा।
आदेश के तहत टाउन हॉल, गांधी मैदान और राजेंद्र स्टेडियम का दैनिक प्रबंधन, अनुरक्षण, रख-रखाव तथा उपयोग नियंत्रण पूरी तरह नगर परिषद को हस्तांतरित कर दिया गया है। इसके लिए अपर समाहर्ता की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय हस्तांतरण समिति का गठन किया गया है। समिति में नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी तथा जिला नजारत उप समाहर्ता सदस्य होंगे।समिति को एक सप्ताह के भीतर परिसंपत्तियों का संयुक्त भौतिक सत्यापन कर विस्तृत हस्तांतरण-अधिग्रहण प्रतिवेदन तैयार करने का निर्देश दिया गया है। साथ ही नजारत शाखा को इन परिसंपत्तियों से जुड़े अभिलेख, मानचित्र, फर्नीचर, उपकरण एवं अन्य चल-अचल संपत्तियों का पूरा विवरण नगर परिषद को उपलब्ध कराने का आदेश दिया गया है।आदेश के अनुसार अब इन परिसंपत्तियों की सुरक्षा, स्वच्छता, रख-रखाव, जनसुविधाओं और उपयोग शुल्क से जुड़े सभी कार्यों की जिम्मेदारी नगर परिषद की होगी।
हालांकि परिसंपत्तियों का स्वामित्व जिला प्रशासन के पास ही रहेगा और यह आदेश केवल प्रबंधन एवं अनुरक्षण के हस्तांतरण तक सीमित रहेगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी नीतिगत या विवादास्पद स्थिति में अंतिम निर्णय के लिए मामला जिला पदाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

