सशक्त समिति की बैठक में चैती छठ की तैयारियों पर चर्चा
बक्सर, 09 मार्च (हि.स.)। नगर परिषद कार्यालय में सोमवार को सशक्त स्थायी समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें शहर के विकास कार्यों और विभिन्न समस्याओं के समाधान को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक की अध्यक्षता मुख्य पार्षद कमरून निशा ने की।
बैठक के दौरान गंगा नदी के किनारे आयोजित होने वाले चैती छठ पर्व को ध्यान में रखते हुए घाटों पर व्यवस्था को और बेहतर बनाने पर विशेष जोर दिया गया। सदस्यों ने घाटों की साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा तथा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक कदम उठाने पर चर्चा की। इसके साथ ही गंगा घाटों की निगरानी और सर्वेक्षण के लिए दो नाव खरीदने के प्रस्ताव पर भी विचार-विमर्श किया गया, ताकि घाटों की नियमित देखरेख और निरीक्षण सुचारु रूप से हो सके।
बैठक में पिछली बैठक में स्वीकृत विकास कार्यों और योजनाओं की समीक्षा कर उनकी पुष्टि भी की गई। इसके अलावा नगर परिषद के तहत संचालित होने वाली महत्वपूर्ण एवं बड़ी योजनाओं की निविदा प्रक्रिया पर भी चर्चा की गई, ताकि विकास कार्यों को समय पर पूरा कराया जा सके।
बैठक में सशक्त स्थायी समिति के सदस्य राजू कुमार राय, मनोज कुमार, अंजू सिंह और दिलीप कुमार के साथ कार्यपालक पदाधिकारी कुमार ऋत्विक सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिलीप कुमार ओझा

