home page

प्रखंड प्रमुख व जिला परिषद अध्यक्ष का चुनाव जनता से कराने की मांग

 | 

दरभंगा, 19 सितंबर (हि.स.)। दरभंगा जिले के बेनीपुर में बाबा नागार्जुन स्मृति मंच की महत्वपूर्ण बैठक में प्रस्ताव पारित कर बिहार सरकार से प्रखंड प्रमुख एवं जिला परिषद अध्यक्ष का चुनाव सीधे आम जनता के मत से कराने की मांग की गई। मंच के अध्यक्ष ऋषभ कुमार एवं सचिव हंसिका कश्यप ने कहा कि वर्तमान व्यवस्था में प्रखंड प्रमुख का चुनाव पंचायत समिति सदस्य और जिला परिषद अध्यक्ष का चुनाव जिला परिषद सदस्य करते हैं।

उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था में धनबल और बाहुबल के इस्तेमाल की शिकायतें सामने आती रहती हैं, जिससे भ्रष्टाचार को बढ़ावा मिलने की आशंका रहती है। मंच के पदाधिकारियों ने कहा कि जिस तरह नगर निगम, नगर पालिका, नगर परिषद एवं नगर पंचायत के अध्यक्ष का चुनाव आम जनता द्वारा किए जाने की व्यवस्था है, उसी तर्ज पर पंचायत स्तर पर भी प्रखंड प्रमुख एवं जिला परिषद अध्यक्ष का चुनाव सीधे जनता से कराया जाना चाहिए।

मंच के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री से समाजहित में इस दिशा में शीघ्र निर्णय लेने की मांग की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra