home page

बिना कागजात नेपाल ले जा रहा था 1500 दर्द निवारक गोलियां, नेपाली नागरिक गिरफ्तार

 | 

बेतिया, 13 अक्टूबर (हि.स.)। भारत-नेपाल सीमा पर इनरवा की हनुमान गली में एसएसबी ने बिना वैध कागजात के दर्द निवारक दवा नेपाल ले जाने के आरोप में 74 वर्षीय नेपाली नागरिक कलाम मियां को गिरफ्तार किया है। मंगलवार सुबह तलाशी के दौरान उसके झोले से अल्केम कंपनी की अल्डीजेसिक पी दवा के 100 पत्ते बरामद हुए, जिनमें 1500 गोलियां थीं।

जब्त दवा की कीमत 11,900 रुपये आंकी गई है। पूछताछ में आरोपी ने दवा नेपाल के दुकानदारों को बेचने के लिए ले जाने की बात कही। एसएसबी ने आरोपी और दवा को इनरवा पुलिस के हवाले कर दिया। थानाध्यक्ष संतोष कुमार के अनुसार, प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है।

हिन्दुस्थान समाचार / अमानुल हक