home page

वॉकथोन में उमड़ा जनसैलाब, छह सौ से अधिक लोगों ने लिया फिटनेस का संकल्प

 | 
वॉकथोन में उमड़ा जनसैलाब, छह सौ से अधिक लोगों ने लिया फिटनेस का संकल्प


अररिया 30 अगस्त(हि.स.)।स्वास्थ्य और फिटनेस के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से रविवार को फारबिसगंज में मारवाड़ी युवा मंच की ओर से वॉकथोन का आयोजन किया गया।जो पोस्ट ऑफिस चौक से शुरू होकर द्विजदेनी हाई स्कूल के खेल के मैदान में जाकर समाप्त हुआ। इस वॉकथोन में स्कूली बच्चों, युवाओं, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों और फिटनेस इन्फ्लुएंसर्स सहित करीब छह सौ से अधिक प्रतिभागियों ने भाग लिया। वॉकथोन की शुरुआत शहर के व्यस्ततम पोस्ट ऑफिस चौक से हुई, जहां से प्रतिभागियों का समूह एक साथ फिटनेस का संदेश देते हुए रवाना हुआ। शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए यह वॉक द्विजदेनी मैदान पहुंचकर एक सभा के रूप में तब्दील हो गया।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बिहार प्रांतीय मारवाड़ी युवा मंच के अध्यक्ष अश्विनी खटोर उपस्थित रहे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में युवा व्यवसायी एवं समाजसेवी विजय प्रकाश ने शिरकत की। कार्यक्रम में बिहार प्रांतीय मारवाड़ी युवा मंच के प्रांतीय संयोजक (युवा विकास एवं खेल कूद) गौरव जैन भी उपस्थित रहे।

मंच संचालन करते हुए युवा व्यवसायी व समाजसेवी आदर्श गोयल ने कहा कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य फारबिसगंज के प्रत्येक नागरिक को एक स्वस्थ, सक्रिय और सकारात्मक जीवनशैली की ओर प्रेरित करना है।

मारवाड़ी युवा मंच, फारबिसगंज के अध्यक्ष दिलीप गौतम ने सफल आयोजन के लिए सभी सहयोगियों, स्कूलों और शहरवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि दैनिक दिनचर्या में शारीरिक गतिविधियों को शामिल करना ही निरोग रहने की कुंजी है।इस अवसर पर मारवाड़ी युवा मंच संस्कृति शाखा की अध्यक्ष मनीषा माहेश्वरी, सचिव मुस्कान गौतम, फारबिसगंज शाखा के सचिव सौरभ अग्रवाल एवं कोषाध्यक्ष नितेश अग्रवाल सहित दोनों शाखाओं के पदाधिकारी और सदस्य प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। आयोजकों ने कहा कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य शहरवासियों को निरंतर स्वस्थ एवं सक्रिय जीवनशैली के प्रति जागरूक रखना है।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर